गोरखपुर से काठगोदाम के लिए जल्द मिलेगी सीधी ट्रेन, बस 20 किलोमीटर ब्रॉडगेज होने का इंतजार
गोरखपुर
गोरखपुर से काठगोदाम जाने वाले यात्रियों के लिए अच्छी खबर है। पीलीभीत से शाहगढ़ तक 20 किलोमीटर की मीटर गेज लाइन ब्रॉडगेज में बदलते ही काठगोदाम (नैनीताल) तक सीधी रेल सेवा का रास्ता खुल जाएगा। इस पर काम शुरू हो गया है। इस रूट के खुल जाने से पूर्वोत्तर रेलवे को दूसरे रेलवे पर निर्भर नहीं रहना पड़ेगा। पूरा रूट ही एनई रेलवे के कार्यक्षेत्र में है लिहाजा सिर्फ बोर्ड की अनुमति लेकर अपने समय और तारीख के अनुसार चला सकेगा। अगले तीन से चार महीने के अंदर ब्रॉडगेज का काम हो जाने की उम्मीद जताई जा रही है।
अभी काठगोदाम के लिए एक ट्रेन वह भी कोलकाता से
काठगोदाम के लिए अभी महज एक ट्रेन है, वह भी कोलकाता से आती है। यह ट्रेन पीछे से ही पूरी तरह से पैक आती है। इससे गोरखपुर के यात्रियों को बर्थ मिल ही नहीं मिल पाती है। मुख्यालय कोटा तक जिन यात्रियों की पहुंच होती है, वही दो से तीन यात्री सफर कर पाते हैं। इस बार की बारिश का मौसम छोड़ दें तो बाकी समय इस ट्रेन में 100 से अधिक ही वेटिंग रहती है।
मैलानी से शाहगढ़ तक ब्रॉडगेज का काम पूरा
इस रूट पर हाल में ही मैलानी से शाहगढ़ तक 30 किमी ब्रॉडगेज का काम पूरा हुआ है। इसका सीआरएस निरीक्षण 27 और 28 दिसम्बर को निर्धारित है। इसके बाद शाहगढ़ से पीलीभीत का ही सेक्शन बचा रह गया है।
