मुख्यमंत्री चौहान ने स्मार्ट उद्यान में काला शीशम और बीजा का पौधा रोपा

भोपाल

मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने आज स्मार्ट उद्यान में काला शीशम और बीजा का पौधा लगाया। मुख्यमंत्री के साथ द लॉयन सिटी ग्रुप के प्रतिनिधि कमलेश रायचंदानी, कैलाश साधवानी, विकास गिदवानी और जितेश सदारंगानी ने भी पौध-रोपण किया। मुख्यमंत्री चौहान अपने संकल्प के क्रम में प्रतिदिन पौध-रोपण कर रहे हैं। पौध-रोपण को जन-आंदोलन बनाने के उद्देश्य से मुख्यमंत्री चौहान प्रतिदिन सामाजिक संस्थाओं, स्वयंसेवी संस्थाओं और पर्यावरण संरक्षण के क्षेत्र में कार्यरत व्यक्तियों के साथ पौध-रोपण करते हैं।

मुख्यमंत्री चौहान को संस्था के प्रतिनिधियों ने संत हिरदाराम जी की पुण्य-तिथि पर चित्र भेंट किया। मुख्यमंत्री चौहान ने संत हिरदाराम जी के चरणों में श्रद्धा-सुमन अर्पित किये और उनके द्वारा समाज-कल्याण के लिए किए गए कार्यों का स्मरण किया। मुख्यमंत्री ने समाज से जुड़ी गतिविधियों को निरंतर विस्तार देने का आव्हान किया।

द लॉयन सिटी ग्रुप भोपाल शहर को स्वच्छता में नंबर वन लाने के लिए लंबे समय से कार्य कर रही है। संस्था स्वच्छता में निगम की ब्रांड एम्बेसेडर भी है। संस्था द्वारा जीरो वेस्ट मैरिज के लिए गोल्ड क्वाइन का उपहार रखा गया है। ऐसे बच्चे जिनके पिता नहीं है उनकी स्कूल फीस संस्था द्वारा भरी जाती है और गरीब परिवारों को निःशुल्क दवाइयाँ भी उपलब्ध कराई जाती हैं। संस्था द्वारा तुलसी माता के पौधों का वितरण कर नागरिकों को वृक्षारोपण और प्लास्टिक उपयोग को कम करने के लिए जागरूक करने का प्रयास भी किया जा रहा है।

कोरोना कर्फ्यू में संस्था ने लोगों के लिए पके और कच्चे भोजन एवं पानी की व्यवस्था और 50 हजार से अधिक मास्क एवं कपड़े के झोले बनाकर वितरित किये गये। संस्था ठंड में जरूरतमंद लोगों को कंबल और गरम कपड़ों का वितरण भी हर साल करती हैं। पुराने कपड़े और सामानों को सही करवा कर जरूरतमंद लोगों को वितरण भी किया जाता है।

आज लगाये गये काले शीशम की लकड़ी बैंगनी रंग की होती है। फिनिशिंग एवं शाइनिंग उच्च श्रेणी की होती है और रेशे अच्छे दिखते हैं।  बीजा का वृक्ष पर्यावरण  की दृष्टि से महत्वपूर्ण होने के साथ औषधीय गुणों से भरपूर है। इसकी लकड़ी फर्नीचर बनाने के काम आती है।

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *