US में ओमिक्रॉन का कहर शुरू, एक हफ्ते के अंदर 3 से 73 फीसदी हो गए मामले

वॉशिंगटन
कोरोना के ओमिक्रॉन वैरिएंट ने अब अमेरिका में भी अपना कहर दिखाना शुरू कर दिया है। ताजा अनुमान के मुताबिक, अमेरिका में जीनोम सिक्वेंसिंग के लिए भेजे गए कुल सैंपलों में से अब 73 फीसदी ओमिक्रॉन के मामले हैं। चिंता की बात यह है कि पिछले हफ्ते यह आंकड़ा महज 3 प्रतिशत था। सेंटर्स फॉर डिसीज कंट्रोल ऐंड प्रिवेंशन हर हफ्ते अपना एक मॉडल अपडेट करता है। इसमें बताया गया है कि अब ओमिक्रॉन पूरे अमेरिका में फैल चुका है। बीते हफ्ते तक अमेरिका में डेल्टा वैरिएंट के ही मामले सबसे ज्यादा थे, लेकिन अब यह सिर्फ 27 प्रतिशत ही रह गए हैं।

सीडीसी ने कहा कि ओमिक्रॉन के मामलों में तेजी आने का पहले से ही अंदेशा था और यह बाकी दुनिया में देखे जा रहे पैटर्न के अनुकूल ही है। अमेरिका के कुछ हिस्सों में तो लगभग सारे मामले ओमिक्रॉन के ही हैं। सीडीसी के मुताबिक, न्यूयॉर्क और न्यूजर्सी में कोरोना के 92 प्रतिशत मामले ओमिक्रॉन के हैं तो वहीं वॉशिंगटन में 96 फीसदी।

अमेरिका में अब नागरिकों से वैक्सीन डोज लगाए जाने की अपील की जा रही है ताकि ओमिक्रॉन के असर को कम किया जा सके। वहीं अमेरिका के राष्ट्रपति जो बाइडेन की कोरोना रिपोर्ट निगेटिव आई है। वाइट हाउस की ओर से बताया गया कि सोमवार को बाइडेन के आसपास करीब आधा घंटा रहने वाला एक स्टाफ कोरोना संक्रमित पाया गया, जिसके बाद बाइडेन की भी जांच की गई थी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *