ऑस्ट्रेलिया टीम आखिरी तीन टेस्ट के लिए घोषित, जोश हेजलवुड की वापसी

नई दिल्ली
ऑस्ट्रेलिया क्रिकेट टीम ने एशेज सीरीज के आखिरी तीन टेस्ट के लिए अपनी 15 सदस्यीय टीम घोषित कर दी है। इसमें कप्तान पैट कमिंस और स्टार तेज गेंदबाज जोश हेजलवुड की वापसी हुई है। कमिंस एडिलेड में खेले जा रहे डे-नाइट टेस्ट मैच के शुरू होने से पहले प्लेइंग इलेवन से बाहर हो गए थे, क्योंकि वह कोविड-19 से संक्रमित पाए गए रेस्टोरेंट के एक शख्स के संपर्क में आए थे। इसके बाद उन्होंने खुद को आइसोलेट कर लिया था और वह दूसरे टेस्ट में नहीं खेल पाए थे। उनके अलावा हेजलवुड ब्रिसबेन में खेले गए पहले मैच के दौरान पीठ की समस्या से परेशान थे, जिसके बाद उन्हें अपने घर सिडनी भेज दिया गया था। 

एशेज सीरीज में 2-0 की बढ़त लेने के बेहद करीब है कंगारू टीम
अपनी मेजबानी में ऑस्ट्रेलिया इंग्लैंड के खिलाफ ब्रिसबेन टेस्ट जीतकर पहले ही एशेज सीरीज में 1-0 से आगे चल रहा है, जबकि एडिलेड में भी जीत के करीब है। खबर लिखे जाने तक इंग्लैंड ने 150 रन पूरे होने से पहले ही 6 विकेट गंवा दिए हैं। उसे अभी यह मैच अपने नाम करने के लिए 300 से ज्यादा रन बनाने हैं, जबकि उसके चार विकेट बाकी हैं। इस समय इंग्लैंड के विकेटकीपर बल्लेबाज जोस बटलर और क्रिस वोक्स की जोड़ी क्रीज पर मौजूद है।

कमिंस की गैरमौजूदगी में स्मिथ ने संभाली कप्तानी
कमिंस के एडिलेड टेस्ट से अचानक बाहर होने के बाद स्टीव स्मिथ ने कप्तानी संभाली और कप्तानी पारी खेली। उन्होंने पहली पारी में टीम द्वारा बनाए 473 में से 93 रनों का योगदान दिया। स्मिथ हालांकि दुर्भाग्यशाली रहे और मात्र 7 रन से बेहतरीन शतक जड़ने से चूक गए। उनकी पारी का अंत दिग्गज तेज गेंदबाज जेम्स एंडरसन ने किया। पहली पारी में शानदार खेल दिखाने वाले स्मिथ दूसरी पारी में मात्र 6 रन बनाकर ओली रोबिन्सन का शिकार बने।  

एशेज के आखिरी तीन टेस्ट के लिए ऑस्ट्रेलियाई टीम: पैट कमिंस (कप्तान), एलेक्स कैरी, कैमरन ग्रीन, मार्नस हैरिस, जोश हेजलवुड, ट्रेविस हेड, उस्मान ख्वाजा, मार्नस लाबुशेन, नाथन लियोन, माइकल नेसर, झाय रिचर्डसन, स्टीव स्मिथ (उप-कप्तान), मिचेल स्टार्क, मिचेल स्वेप्सन, डेविड वॉर्नर।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *