यूथ कांग्रेस के कामकाज से खुश नहीं नाथ

भोपाल
प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष कमलनाथ युवा कांग्रेस और एनएसयूआई के कामकाज से खुश नहीं हैं। उन्होंने पार्टी के दोनों फ्रंटल आर्गेनाइजेशन को साफ कर दिया है सभी को जमीन पर उतर कर काम करना होगा। इसके साथ ही दोनों ही आर्गेनाइजेशन को कमलनाथ ने टास्क दिए हैं। इसमें एनएसयूआई को जनवरी में टास्क पूरा करना होगा, जबकि पंचायत चुनाव के लिए युवा कांग्रेस को टास्क दिया गया है।

सूत्रों की मानी जाए तो हाल ही में कमलनाथ ने इन दोनों फ्रंटल आर्गेनाइजेशन के कामकाज की समीक्षा की थी। समीक्षा के बाद दोनों के कामकाज से नाथ संतुष्ट नहीं हैं। बताया जाता है कि इस पर कमलनाथ ने अपनी नाराजगी भी व्यक्त की है। साथ ही युवा कांग्रेस को कहा कि अभी सभी बूथों पर काम करने की जगह पर पहले पंचायत चुनाव में आने वाले बूथ पर काम किया जाए। खासकर उन बूथों का दस दिन के भीतर पता किया जाए जो कांग्रेस हारती रही है। इन बूथों को टारगेट कर इन पर काम किया जाए। इन बूथों पर क्या काम किया गया है कि इसकी रिपोर्ट जनवरी में ही कमलनाथ के सामने युवा कांग्रेस को रखना होगी। इसी तरह एनएसयूआई की भी रिपोर्ट नाथ के सामने जब रखी गई तो उन्होंने भी काम काज पर नाराजगी जताई। उन्होंने कहा कि छात्रों से जुड़े होने के बाद प्रदेश के सभी कॉलेजों में एनएसयूआई की टीम ही नहीं है। जनवरी में प्रदेश के सभी कॉलेजों में एनएसयूआई की कमेटी बनाने के निर्देश नाथ ने दिए हैं।

कमलनाथ के टास्क दिए जाने के बाद अब महिला कांग्रेस ब्लॉक बनाने में जुट गई है। आज मालवा-निमाड़ क्षेत्र के महिला कांग्रेस की जिला अध्यक्षों की बैठक उज्जैन में हो रही है। जिसमें 20 जिलों की अध्यक्षों को बुलाया गया है। इन सभी को ब्लॉक बनाने के लिए निर्देश दिए जाएंगे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *