गंगा एक्सप्रेस-वे: पीएम मोदी आज करेंगे शिलान्यास, 12 जिले-594 KM लंबाई

शाहजहांपुर

प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी आज शनिवार को उत्तर प्रदेश के शाहजहांपुर में 36 हजार 230 करोड़ रुपये की अनुमानित लागत से बनने वाले प्रदेश के सबसे लंबे 'गंगा एक्सप्रेस-वे' की आधारशिला रखेंगे। खास बात यह है कि यूपी के शाहजहांपुर से जब पीएम मोदी इस एक्सप्रेस-वे का शिलान्यास करेंगे तो वह आगामी विधानसभा चुनाव के लिए रुहेलखंड और अवध के साथ पश्चिम यूपी की कुल 70 से अधिक विधानसभा सीटों को भी विकास के नाम पर साध लेंगे।

गंगा एक्सप्रेस वे उत्तर प्रदेश का सबसे बड़ा एक्सप्रेस-वे होगा। यूपी विधानसभा चुनाव से ठीक पहले इसके शिलान्यास को भाजपा की चुनावी तैयारियों से भी जोड़कर देखा जा रहा है। माना जा रहा है कि मेरठ की सात, हापुड़ की तीन, बुलंदशहर की सात, अमरोहा की तीन, संभल की चार, बदायूं की छह, शाहजहांपुर की छह, हरदोई की आठ, उन्नाव की छह, रायबरेली की सात, प्रतापगढ़ की सात और प्रयागराज की 12 सीटों पर शनिवार को होने वाले कार्यक्रम का प्रभाव पड़ेगा। यह एक्सप्रेस-वे इन 12 जिलों से होकर गुजर रहा है। ऐसे में बीजेपी इन जिलों के साथ-साथ आसपास के जिलों में भी विकास का मुद्दे पर बात करने की पूरी कोशिश करेगी। लेकिन इन 12 जिलों की 76 सीटों पर तो आज के कार्यक्रम का सीधा असर तय माना जा रहा है।

कम होगी पूरब से पश्चिम की दूरी
उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने गंगा एक्सप्रेस-वे को लेकर कहा, 'प्रदेश में विकास रुकेगा नहीं, तीव्रता के साथ आगे बढ़ेगा और न केवल हम सबके जीवन में, बल्कि आने वाली पीढ़ियों के जीवन में भी व्यापक परिवर्तन का कारक बनेगा। इस विकास में हम सबको सहभागी बनना है।' आपको बता दें कि संगम नगरी प्रयागराज से मेरठ के बीच 594 किमी लंबा गंगा एक्सप्रेस वे न सिर्फ पूरब और पश्चिमी उत्तर प्रदेश की दूरी को कम करेगा बल्कि कई राज्यों को भी उत्तर प्रदेश के करीब लाएगा। इसका फायदा राष्ट्रीय राजधानी क्षेत्र (एनसीआर) के अलावा हरियाणा, मध्य प्रदेश, छत्तीसगढ़ समेत कई अन्य राज्यों को मिलेगा। पूर्वी यूपी से लेकर पश्चिमी यूपी के 12 जिलों से गुजरने वाले इस एक्सप्रेस वे के किनारे औद्योगिक गलियारे से लेकर कई अन्य आर्थिक गतिविधियों को बढ़ावा दिया जा रहा है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *