उत्साह व उमंग के साथ मिलेगा क्रिसमस से पूर्व सद्भावना रैली
रायपुर
मसीही समाज के लोग क्रिसमस की तैयारियों में पूरी तरह से जुट गए है और यीशु मसीह के जन्मोत्सव से पूर्व इस रविवार को उत्साह और उमंग के साथ सुभाष स्टेडियम से सद्भावना रैली निकालेगी जिसमें सभी धर्मों के धर्मगुरु शामिल होंगे। गिरजाघरों में भी तैयारियां लगभग पूरी हो चुकी है, इंतजार सिर्फ 25 दिसंबर का है।
राजधानी में क्रिसमस पर्व को लेकर गिरजा घरों में तैयारी तेज हो गई है। यीशु मसीह के जन्मोत्सव को मनाने के लिए मसीही समाज में उत्साह और उमंग का संचार है। यहीं कारण है कि गिरजा घरों से लेकर बाजार भी सज चुके है। वहीं, क्रिसमस पर्व 25 दिसंबर को मनाया जाएगा।
मसीही समाज के संयोजक जान राजेश पाल ने बताया कि इस रविवार को सुभाष स्टेडियम से सद्बभावना महारैली निकलेगी। इससे पूर्व सेंट पाल्स कैथेड्रल की कलीसिया अपने चर्च परिसर से ही आराधना करेंगे इसके बाद रैली रवाना होगी जो महिला थाने होते हुए इंदिरा गांधी चौक, बुढ़ापारा बिजली आॅफिस, सिटी कोतवाली, बैजनाथपारा होते हुए वापस सुभाष स्टेडियम पहुंचेगी।
रैली में सिर्फ बड़े दिन का संदेश होगा। झांकियों, नारों और कैरोल गायन में भी क्रिसमस मेसेज होंगे। नारे, पोस्टर या तख्तियां पर क्रिसमस व बाइबिल के पद के अलावा कुछ नहीं लिखा होगा। रैली में सभी धर्मों के धर्म गुरु होंगे। वे आर्च बिशप, बिशप व मसीही पुरोहितों के साथ खुली जीप में सवारी करेंगे। इस मौके पर धर्मगुरुओं का सम्मान किया जाएगा।
