आधार जुड़ा है 700 सरकारी योजनाओं से, 2.25 लाख करोड़ रुपए की हो चुकी बचत
नई दिल्ली
यूनिक आइडेंटिफिकेशन अथॉरिटी ऑफ इंडिया (UIDAI) के सीईओ सौरभ गर्ग ने गुरुवार को बताया कि देश में कुल 700 सरकारी योजनाओं को आधार से लिंक किया जा चुका है और इसकी वजह से देश को लाखों करोड़ रुपए की बचत हो चुकी है। ऐसा सरकारी योजनाओं में भ्रष्टाचार पर लगाम लगने और सब्सिडी चोरी बंद होने की वजह से हुआ है। उन्होंने यह भी कहा कि देश में लगभग सभी व्यस्क को यूनिक आइडेंटिफिकेशन नंबर मिल चुका है और अब बच्चों के नामांकन की कोशिश है। सौरभ गर्ग ने कहा, ''हमने एक दशक पहले भारत में आधार लॉन्च किया था। अब तक 131 करोड़ आधार जारी किए जा चुके हैं। आधार ने फर्जी लाभार्थियों को सिस्टम से बाहर कर दिया है। सही लाभार्थियों को डायरेक्ट बेनिफिट ट्रांसफर (DBT) से सरकार ने 2.25 लाख करोड़ रुपए बचाए हैं। यूआईडीएआई के सीईओ ने कहा, ''केंद्र सरकार की 300 और राज्य सरकारों की 400 योजनाओं को आधार से जोड़ा जा चुका है। 99.7 फीसदी आबादी को आधार नंबर दिया जा चुका है। हमारी कोशिश अब नवजातों को जोड़ने की है।'' आधार डेटा को पूरी तरह सुरक्षित बताते हुए उन्होंने कहा, ''हमारा सिक्यॉरिटी सिस्टम वर्ल्ड क्लास है।''
