10 दिन में दूसरी बार काशी आएंगे पीएम मोदी, देंगे 1550 करोड़ की सौगात

वाराणसी

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी दस दिनों की अवधि में दूसरी बार अपने संसदीय क्षेत्र वाराणसी आ रहे हैं। इस बार वह अपने क्षेत्र को 1550 करोड़ रुपयों की सौगात देंगे। उनका 23 दिसंबर को एक दिन का प्रवास होगा। वह करखियांव में एक जनसभा को भी संबोधित करेंगे। बुधवार को प्रदेश के मुख्य सचिव आरके तिवारी और पीएमओ से जुड़े अफसरों ने पीएम के आगमन के मद्देनजर की जा रही तैयारियों व कार्यक्रमों की जानकारी ली। वहीं, प्रदेश भाजपा के सह प्रभारी सुनील ओझा ने करखियांव के प्रस्तावित सभास्थल का दौरा किया। उनके साथ पार्टी के पदाधिकारी व प्रशासनिक अधिकारी भी थे।

प्रधानमंत्री 23 दिसंबर को करखियांव में अमूल के पांच लाख लीटर दूध उत्पादन की क्षमता वाले प्लांट का शिलान्यास करेंगे। इस प्लांट पर पांच सौ करोड़ रुपये खर्च होंगे। अन्य परियोजनाओं के लोकार्पण व शिलान्यास के बाद वह एक सभा को संबोधित करेंगे। यह सभास्थल पिंडरा विधानसभा क्षेत्र में है।

सभास्थल पर लगेंगी एक लाख कुर्सियां
पीएम का सभास्थल 30 एकड़ में बनेगा। निरीक्षण के दौरान सुनील ओझा ने सूर्य की रोशनी सीधे पड़ने की बात कह मंच की दिशा बदलने का निर्देश दिए। अब मंच पूर्व दिशा में होगा। वहीं पार्किंग, पेयजल, शौचालय की व्यवस्था के साथ मैदान में कम से कम एक लाख लोगों की कुर्सी लगाने का निर्देश दिया। इतनी ही संख्या में लोगों के खड़े होने की व्यवस्था, हैलीपैड, सेफ हाउस व पीएम ऑफिस के बाबत जानकारी ली। पीडब्ल्यूडी अधिकारियों को तीन हैलीपैड व वीआईपी कॉटेज बनाने का निर्देश दिया। वहीं, सभास्थल के पास तीन पार्किंग स्थल भी चिह्नित किए गए।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *