ओमिक्रॉन का पहला मरीज हुआ निगेटिव, जन्मदिन पर मिली अस्पताल से छुट्टी

मुंबई
कोविड -19 के नए वैरिएंट ओमिक्रॉन से संक्रमित महाराष्ट्र के पहले मरीज की नई टेस्ट रिपोर्ट निगेटिव आई है। आपको बता दें कि वह मरीन इंजीनियर है। मुंबई के पास कल्याण-डोंबिवली नगरपालिका क्षेत्र का रहने वाला यह 33 वर्षीय व्यक्ति नवंबर के अंतिम सप्ताह में मुंबई के लिए उड़ान भरने से पहले दुबई के रास्ते दक्षिण अफ्रीका से दिल्ली हवाई अड्डे पर पहुंचा था। एक अधिकारी ने कहा कि उन्हें बुधवार को अस्पताल से छुट्टी दे दी गई और सात दिनों के लिए घर में रहने की सलाह दी गई है।

उस व्यक्ति को कोरोना की वैक्सीन नहीं लगी थी। उसने कथित तौर पर टीका लगवाने की कोशिश की, लेकिन वह असमर्थ था क्योंकि वह एक निजी मर्चेंट नेवी जहाज पर काम कर रहा था। इस साल अप्रैल में महामारी के चरम पर उसने देश छोड़ दिया था। उस समय केवल स्वास्थ्य कर्मचारी और अग्रिम पंक्ति के कार्यकर्ताओं के लिए वैक्सीन की खुराक उपलब्ध थी।

महाराष्ट्र के स्वास्थ्य अधिकारियों ने तब जीनोम सीक्वेंसिंग के लिए उसके स्वाब के नमूने भेजे थे और परीक्षण रिपोर्ट ने बाद में पुष्टि की कि वह ओमिक्रॉन स्ट्रेन से संक्रमित है। कल्याण डोंबिवली नगर निगम (केडीएमसी) के आयुक्त डॉ. विजय सूर्यवंशी ने बताया कि उसे कल्याण शहर के एक कोविड ​​​​केयर सेंटर में भर्ती कराया गया था, जहां से बुधवार शाम 6 बजे उन्हें छुट्टी दे दी गई। आयुक्त ने कहा कि संयोग से, आज उनका जन्मदिन भी है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *