अखिलेश यादव वाला गाना न बजाने पर शादी में बवाल, द्वार पूजा में चले ईंट-पत्‍थर

गोरखपुर
उत्‍तर प्रदेश चुनाव ज्‍यों-ज्‍यों करीब आ रहा है, माहौल चुनावी होता जा रहा है। इस माहौल में नेताओं और राजनीीतिक दलों के प्रचार के लिए कई कलाकारों के गाए भी खूब वायरल हो रहे हैं। रैलियों-जनसभाओं में ये गाने जमकर सुने और सुनाए जा रहे हैं। यहां तक तो गनीमत है लेकिन गोरखपुर में बात तब बिगड़ गई जब एक शादी में कुछ लड़के, अखिलेश यादव पर आधारित गाना बजाने की जिद पर अड़ गए। डीजे वाले के इनकार पर शादी में बवाल हो गया।  गाना बजाने की जिद कर रहे लड़कों ने शादी में जमकर बवाल मचाया। द्वार पूजा के दौरान ईंट-पत्‍थर चलने लगे। बाद में बरातियों ने डीजे बंद कराया और जैसे-तैसे मांगलिक कार्यक्रम पूरा किया। मामला, गोरखपुर के बांसगांव क्षेत्र के जयंतीपुर का है। बारात, बड़हलगंज क्षेत्र के तीहा मोहम्मदपुर विशुनपुरा से आई थी। प्रत्‍यक्षदर्शियों के अनुसार रात करीब 9:30 बजे बाराती डीजे पर नाचते-गाते द्वारपूजा के लिए लड़की के दरवाजे पर जा रहे थे। तभी गांव के कुछ लड़के डीजे पर अखिलेश यादव का गाना बजाने की जिद करने लगे। डीजे वाले ने गाना बजाने में असमर्थता जताई तो आधा दर्जन लड़कों ने बारातियों पर ईंट-पत्थर बरसाने और लाठी-डंडे चलाना शुरू कर दिया।

इन लड़कों ने बारातियों को दूसरा कोई गाना न बजाने और न ही नाचने की हिदायत दी। उनकी धमकी और उत्पात से डरे बारातियों ने नाच-गाना बंद कर दिया और खामोशी से द्वारपूजा कराने लड़की पक्ष के दरवाजे पर गए। मामले को लेकर गांव का माहौल गर्म है। इस सम्‍बन्‍ध में लड़की पक्ष का कहना है कि गांव के कुछ मनबढ़ किस्‍म के लड़कों ने शादी में माहौल खराब करने के इरादे से ऐसा किया। यह बहुत गलत हुआ। लड़की के परिवारवालों ने कहा कि वे इस मामले की पुलिस से शिकायत करेंगे।

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *