टीकाकरण महाअभियान में अब तक 50 हजार से ज्यादा लोगों ने लगवाया सुरक्षा का टीका

कोरिया
कोविड संक्रमण से बचाव तथा सुरक्षा के संकल्प के साथ जिले में कोविड टीकाकरण महाअभियान के अंतर्गत अब तक 50 हजार से ज्यादा जिलेवासियों ने भरोसे का टीका लगवाया। कलेक्टर श्याम धावड़े के नेतृत्व एवं सीईओ जिला पंचायत कुणाल दुदावत के मार्गदर्शन में प्रशासन ने विशेष महाअभियान के माध्यम से एक दिन में 50 हजार से अधिक लोगों को टीका लगाने का रिकॉर्ड बनाया।

पूर्व तैयारी के अनुरूप सुबह ही टीकाकरण दल द्वारा अपने गंतव्य में पहुंचकर टीकाकरण की शुरूआत की गई। जिले के नगरीय क्षेत्रों से लेकर सुदूर वनांचल के ग्रामों तक लोगों में उत्साह देखा गया। जिले के हर एक नागरिक, जनप्रतिनिधि स्वास्थ्यकर्मी एवं प्रशासन की टीम के सहयोग से टीकाकरण में रिकॉर्ड बना जिस पर कलेक्टर श्याम धावड़े ने प्रत्येक जिलवासी के साथ-साथ वैक्सीनेशन कार्य में जुटे शीर्ष से लेकर मैदानी अमले के अधिकारी-कर्मचरियों को प्रोत्साहित किया। यह अभियान 4 दिसंबर तक जिले में चलाया जाएगा। उन्होंने कहा कि इसी तरह साथ मिलकर चले तो कोविड से इस लड़ाई में सफलता जरूर हासिल होगी।

सांसद श्रीमती ज्योत्सना महंत, संसदीय सचिव एवं बैकुण्ठपुर विधायक श्रीमती अम्बिका सिंहदेव और मनेन्द्रगढ़ विधायक डॉ विनय जायसवाल भी प्रशासन की इस मुहिम से जुड़े और नागरिकों से की टीकाकरण करवाने की अपील की। वैक्सीनेशन महाभियान में एक ओर जहां पूरा प्रशासनिक अमला जुटा रहा, वहीं कलेक्टर धावड़े व सीईओ जिला पंचायत दुदावत ने पटना और नगर में वैक्सीनेशन सेंटर पहुंचकर टीम का उत्साहवर्धन किया तथा लोगों से बात कर उन्हें वैक्सीनेशन के लिए प्रेरित किया।

सुदूर अंचलों के गांव, पारा-मोहल्लों में घर-घर जाकर वैक्सीनेशन दल ने लोगों को टीका लगाया। सभी विभागों के कार्यालय प्रमुख, पंचायतवार नोडल अधिकारी, राजस्व, नगरीय निकाय, स्वास्थ्य तथा पंचायत स्तर के कर्मचारी गांवों में स्वयं जाकर लोगों को टीका लगवाने में जुटे रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *