फिर से बढ़ने लगी सोने की चमक

दिल्ली
दिल्ली के सर्राफा बाजार में आज सोने-चांदी की कीमतों में बढ़त देखने को मिल रही है। पिछले हफ्ते शुक्रवार को सोना 47 हजार रुपये प्रति 10 ग्राम के स्तर पर बंद हुआ था। एचडीएफसी सिक्योरिटीज से मिली जानकारी के अनुसार आज सोना 242 रुपये की तेजी के साथ 47,242 रुपये प्रति 10 ग्राम (Gold price today) के स्तर पर बंद हुआ है। वहीं दूसरी ओर चांदी में भी तेजी देखी जा रही है। पिछले हफ्ते शुक्रवार को चांदी 61,705 रुपये प्रति किलो के स्तर पर बंद हुई थी, जो आज 543 रुपये चढ़कर 62,248 रुपये प्रति किलो (Silver price today) के स्तर पर पहुंच चुकी है।

ऑल टाइम हाई से करीब 9000 रुपये सस्ता है सोना
सोने की कीमतों में भले ही आज तेजी देखी जा रही है, लेकिन लंबी अवधि में सोना करीब 9000 रुपये सस्ता हो चुका है। पिछले साल अगस्त में सोना 56,200 रुपये के अपने उच्चतम स्तर तक जा पहुंचा था और अभी सोना 47,242 रुपये प्रति 10 ग्राम के स्तर के करीब पहुंच गया है। इस तरह सोने की कीमत अब तक करीब 9000 रुपये गिर चुकी है। अगर आप सोना खरीदने की सोच रहे हैं तो ये खरीदारी का अच्छा मौका है।

पिछले सालों में सोने ने दिया कितना रिटर्न?
अगर बात सोने की करें तो पिछले साल सोने ने 28 फीसदी का रिटर्न दिया है। उससे पिछले साल भी सोने का रिटर्न करीब 25 फीसदी रहा था। अगर आप लॉन्ग टर्म के लिए निवेश कर रहे हैं तो सोना अभी भी निवेश के लिए बेहद सुरक्षित और अच्छा विकल्प है, जिसमें शानदार रिटर्न मिलता है। पिछले सालों में सोने से मिला रिटर्न आपके सामने है, जो दिखाता है कि निवेश करने से फायदा ही है।

मुसीबत की घड़ी में हमेशा बढ़ी है सोने की चमक!
सोना हमेशा ही मुसीबत की घड़ी में खूब चमका है। 1979 में कई युद्ध हुए और उस साल सोना करीब 120 फीसदी उछला था। अभी हाल ही में 2014 में सीरिया पर अमेरिका का खतरा मंडरा रहा था तो भी सोने के दाम आसमान छूने लगे थे। हालांकि, बाद में यह अपने पुराने स्तर पर आ गया। जब ईरान से अमेरिका का तनाव बढ़ा या फिर जब चीन-अमेरिका के बीच ट्रेड वॉर की स्थिति बनी, तब भी सोने की कीमत बढ़ी। इसी तरह कोरोना काल हावी हुआ तो भी सोने में तगड़ी तेजी आई और सोना 56,200 रुपये के उच्चतम स्तर तक जा पहुंचा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *