कप्तान अजिंक्य रहाणे ने बताया- ये खिलाड़ी करेगा न्यूजीलैंड के खिलाफ कानपुर में टेस्ट डेब्यू

नई दिल्ली
भारतीय क्रिकेट टीम न्यूजीलैंड के खिलाफ दो मैचों की टेस्ट सीरीज के पहले मुकाबले में गुरुवार से कानपुर में मैदान पर उतरेगी। इस टेस्ट मैच में सीनियर खिलाड़ियों को आराम दिया गया है। ऐसे में नए खिलाड़ियों को डेब्यू करने का मौका मिलने वाला है। नियमित कप्तान विराट कोहली की जगह कमान संभाल रहे अजिंक्य रहाणे ने इस बात को पक्का कर दिया। कानपुर में न्यूजीलैंड के खिलाफ होने वाले पहले टेस्ट मैच से पहले रहाणे ने मीडिया से बात की। उन्होंने प्रतिभाशाली बल्लेबाज श्रेयस अय्यर के टेस्ट डेब्यू करने की बात को पक्का किया। गौरतलब है ओपनर केएल राहुल चोटिल होकर सीरीज से बाहर हो चुके हैं। उनकी जगह टीम में शामिल किए गए सूर्यकुमार यादव के भी डेब्यू करने की उम्मीद की जा रही है। लेकिन अगर प्लेइंग इलेवन में उनको जगह मिली को किस जगह बल्लेबाजी करेंगे यह तय नहीं। मैच के पहले मीडिया से बात करते हुए रहाणे ने कहा, "श्रेयस अय्यर अपना टेस्ट डेब्यू करने जा रहे हैं।"

पहले मैच में कप्तान विराट नहीं खेलेंगे जिससे चौथे स्थान पर बल्लेबाजी कौन करेगा यह सवाल सबसे मन में है। रहाणे ने यह साफ कर दिया है कि अय्यर कानपुर टेस्ट में प्लेइंग इलेवन में शामिल होंगे और वह संभवत: कोहली की जगह चौथे स्थान पर बल्लेबाजी करते नजर आएंगे। कानपुर टेस्ट के लिए रोहित शर्मा को भी आराम दिया गया है। केएल राहुल चोटिल हो चुके हैं और वह सीरीज में नहीं खेलेंगे। ऐसे में शुभमन गिल के साथ मयंक अग्रवाल पारी की शुरुआत कर सकते हैं। तीसरे नंबर पर उप कप्तान चेतेश्वर पुजारा फिर श्रेयर उतरेंगे। इसके बाद कप्तान रहाणे पांचवें नंबर पर बल्लेबाजी के लिए आएंगे। रिद्धिमान साहा छठे और फिर नीचले क्रम के बल्लेबाजों की बारी आएगी। जसप्रीत बुमराह और मोहम्मद शमी के साथ विकेटकीपर रिषभ पंत को भी इस मैच के लिए आराम दिया गया है। इशांत शर्मा, उमेश यादव, मोहम्मद सिराज के साथ प्रसिद्ध कृष्णा को टीम में चुना गया है। जयंत यादव को भी मौका दिया गया है।

भारतीय टेस्ट टीम इस प्रकार है
अजिंक्य रहाणे (कप्तान), सूर्यकुमार यादव, मयंक अग्रवाल, चेतेश्वर पुजारा (उपकप्तान), शुभमन गिल, श्रेयस अय्यर, रिद्धिमान साहा (विकेटकीपर), केएस भरत (विकेटकीपर), रवींद्र जडेजा, आर अश्विन, अक्षर पटेल, जयंत यादव, इशांत शर्मा, उमेश यादव, मोहम्मद सिराज और प्रसिद्ध कृष्णा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *