योगी सरकार की पहल पर वाराणसी को मिला राष्ट्रपति पुरस्कार
वाराणसी
प्रदेश सरकार के प्रयासों की बदौलत स्वच्छ भारत नगरीय मिशन के अंतर्गत काशी को स्वच्छता सर्वेक्षण 2021 के लिए राष्ट्रपति पुरस्कार मिलने जा रहा है। काशी को ये सम्मान 20 नवंबर को राष्ट्रपति रामनाथ कोविंद दिल्ली में देंगे। इस पुरस्कार के लिए कचरा मुक्त शहर, सफाई मित्र चैलेंज और आजादी का अमृत महोत्सव के लिए किए गए कार्यों को आधार बनाया गया है।
देश की सांस्कृतिक और धार्मिक राजधानी वाराणसी में रोज़ाना लाखों देशी-विदेशी पर्यटक आते हैं। पूर्व की सरकारों ने आध्यात्मिक नगरी काशी के साफ़-सफाई पर कोई ध्यान नहीं दिया, जिससे दुनिया के सबसे पुराने शहर काशी की साख़ सफ़ाई को लेकर ख़राब होती चली गई। योगी सरकार के आने के बाद शानदार प्रबंधन से न सिर्फ वाराणसी को कचरे से मुक्ति दिलाई गई, बल्कि स्वच्छ भारत मिशन के अंतर्गत वाराणसी को स्वच्छता सर्वेक्षण 2021 के लिए राष्ट्रपति पुरस्कार दिला दिया है। वाराणसी नगर निगम के स्वास्थ्य अधिकारी एन पी सिंह ने बताया कि शहर से रोज़ 700 टन कचरा निकलता है, जिसका निस्तारण 4700 सफाई कर्मी करते हैं।
घरों और दुकानों से निकलने वाले कूड़े को ये सफाई कर्मी डोर-टू-डोर उठाते हैं। शहर में बने 20 कूड़ाघर की निगरानी सीसीटीवी कैमरे से की जाती है। कूड़ा निस्तारण के लिए 231 गाड़ियां लगी हैं, जो जीपीएस से लैस हैं। कमांड सेंटर से इन कूड़ाघरों से कूड़ा निस्तारण पर नज़र रखी जाती है। मैकेनाइज रोड क्लींनिंग मशीन से सड़कों की सफाई होती है। इसके अलावा 235 पब्लिक और कम्युनिटी शौचालय सफाई का भी ध्यान रखा जाता है। केंद्रीय नगर विकास मंत्रालय हर साल स्वच्छता सर्वेक्षण की रैंकिंग देता है। नगर निकायों का उनके कचरा प्रबंधन के काम के मुताबिक आंकलन किया जाता है।
