यूपी चुनाव तैयारियों का जिम्मा नड्डा, शाह और राजनाथ को
नई दिल्ली
उत्तर प्रदेश के विधानसभा चुनाव में भाजपा के शीर्ष नेता भी जुटने जा रहे हैं। प्रदेश में पार्टी के छह संगठनात्मक क्षेत्रों में होने वाले बूथ सम्मेलनों में राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा, गृहमंत्री अमित शाह और रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह हिस्सा लेंगे। तीनों शीर्ष नेता दो-दो क्षेत्रों के सम्मेलनों में जाएंगे। इसके अलावा पार्टी राज्य में कई अन्य आयोजनों से चुनावी माहौल बनाएगी।
यूपी की चुनावी रणनीति को लेकर गुरुवार को दिल्ली में पार्टी की एक अहम बैठक हुई। राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा की अध्यक्षता में हुई इस बैठक में राष्ट्रीय महामंत्री संगठन बीएल संतोष, चुनाव प्रभारी धर्मेंद्र प्रधान, संगठन प्रभारी राधामोहन सिंह, प्रदेश अध्यक्ष स्वतंत्र देव सिंह और प्रदेश महामंत्री संगठन सुनील बंसल मौजूद रहे। तीन घंटे से ज्यादा चली इस बैठक में अभी तक की चुनावी तैयारियों की समीक्षा के साथ भावी कार्यक्रमों पर व्यापक चर्चा की गई है।
बैठक के बाद प्रदेश अध्यक्ष स्वतंत्र देव सिंह ने कहा कि भाजपा अपने सभी छह संगठनात्मक क्षेत्रों में अलग-अलग बूथ सम्मेलन करने जा रही है। इनकी व्यापक तैयारी की जा रही है। इन सम्मेलनों में पार्टी के तीन शीर्ष केंद्रीय नेता हिस्सा लेंगे। नड्डा गोरखपुर और कानपुर के बूथ कार्यकर्ता सम्मेलन में जाएंगे, जबकि शाह ब्रज व पश्चिमी उत्तर प्रदेश के बूथ सम्मेलन में हिस्सा लेंगे। वहीं, राजनाथ काशी और अवध के बूथ कार्यकर्ता सम्मेलन में शामिल होंगे।
