मंडप में दूल्‍हे की भांजी से गैंगरेप फिर हत्‍या, कमरे में मिला नशे में धुत सिपाही, मेरठ में बवाल

मेरठ
मेरठ के भावनपुर के एक विवाह मंडप में सोमवार देर रात शादी समारोह के दौरान दूल्हे की भांजी की गैंगरेप के बाद हत्या कर दी गई। तलाश करने पर युवती का शव विवाह मंडप के एक कमरे के बाथरूम में अस्त व्यस्त हालत में मिला। इसी कमरे में एक सिपाही नशे की हालत में मिला तो गुस्साए परिजनों ने उसे पीटकर पुलिस के हवाले कर दिया।

मंगलवार सुबह परिजनों ने गढ़ रोड पर मेडिकल मोर्चरी के सामने सड़क पर जाम लगा दिया। पांच घंटे तक यहां बवाल चलता रहा। पुलिस ने हत्या में मुकदमा दर्ज कर मंडप को सील कर दिया। इसके बाद ही जाम खोला गया। सिपाही समेत तीन लोगों को हिरासत में लेकर पुलिस पूछताछ कर रही है।

जागृति विहार क्षेत्र निवासी परिवार सोमवार रात भावनपुर के दतावली में रेड कारपेट मंडप में शादी समारोह में आया था। शादी समारोह से युवती लापता हो गई। खोजबीन की तो युवती मंडप में बने कमरा नंबर-2 के बाथरूम में मृत अवस्था में मिली। इसी कमरे में मेरठ पुलिस लाइन में तैनात सिपाही रवि बालियान नशे की हालत में बेड पर पड़ा था। लोगों ने सिपाही को जमकर पीटा और बीच बचाव में आए मंडप के मैनेजर विकास गुप्ता व अंशुल गुप्ता से भी हाथापाई कर दी। परिजनों ने तीनों को पुलिस के हवाले कर दिया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *