दिल्ली के गोविंदपुरी इलाके में व्यक्ति की चाकू मारकर हत्या
नई दिल्ली
दक्षिण पूर्वी दिल्ली के गोविंदपुरी इलाके में शनिवार सुबह 38 वर्षीय एक व्यक्ति की चाकू मारकर हत्या कर दी गई। पुलिस ने बताया कि अभी तक हमलावरों की पहचान नहीं की जा सकी है। पुलिस के अनुसार, गोविंदपुरी के नवजीवन कैंप में हुई घटना के बारे में सुबह सवा पांच बजे जानकारी मिली। पुलिस के एक वरिष्ठ अधिकारी ने बताया कि एक लड़की ने कॉल कर के कहा कि कुछ लोगों ने उसके पिता को पीटा जिससे वह बेहोश हो गए। अधिकारी ने कहा कि घटनास्थल पर एक टीम को भेजा गया और नवजीवन कैंप के निवासी घायल राजेंद्र कुमार को अस्पताल ले जाया गया जहां उसे मृत घोषित कर दिया गया। पुलिस ने कहा कि घटना का कोई प्रत्यक्षदर्शी नहीं था। पुलिस ने कहा कि राजेंद्र कुमार को पांच बार चाकू मारा गया और घटना के संबंध में गोविंदपुरी थाने में मामला दर्ज किया गया है। राजेंद्र पेशे से वाहन चालक था और पहले आपराधिक वारदात में शामिल रहा था।
