राजस्थान में जल्द होगा कैबिनेट विस्तार; फाइनल लिस्ट पर मुहर लगवाने गहलोत जाएंगे दिल्ली

जयपुर

राजस्थान में उपचुनाव खत्म होने के बाद कैबिनेट विस्तार और राजनीतिक पदों पर नियुक्तियों की तैयारियां शुरू हो गई हैं। राजस्थान के मुख्यमंत्री अशोक गहलोत कांग्रेस हाई कमान से इस पर चर्चा के लिए अगले हफ्ते दिल्ली जाएंगे। गौरतलब है कि अक्टूबर अंत में उपचुनाव की घोषणा के साथ यह मुद्दे पीछे रह गए थे। अब जबकि कांग्रेस ने दोनों सीटों पर जीत हासिल कर ली है, अशोक गहलोत पूरी ताकत के साथ कैबिनेट विस्तार और राजनीतिक नियुक्तियों में लग गए हैं।

दिल्ली से लौटते ही घोषणा
मौजूदा समय में राजस्थान के पास मुख्यमंत्री समेत 21 मंत्री हैं। 200 विधानसभा क्षेत्र वाले इस राज्य में अधिकतम 30 मंत्री बनाए जा सकते हैं। इस मामले पर करीबी नजर रखने वाले एक वरिष्ठ नेता ने बताया कि मुख्यमंत्री ने इस दिशा में अपना होमवर्क कर लिया है। अब बस आखिरी चर्चा होनी बाकी है। इसके बाद घोषणा कर दी जाएगी। चर्चा के लिए गहलोत दो-तीन दिन में दिल्ली जाएंगे। उनके वहां से वापस आने के बाद लिस्ट घोषित कर दी जाएगी।

कुछ विधायकों को किया जा सकता है शामिल
इस वरिष्ठ नेता के मुताबिक कैबिनेट विस्तार में 8-9 विधायकों को शामिल किया जा सकता है। इसके लिए कुछ मंत्रियों का इस्तीफा भी हो सकता है। स्वास्थ्य मंत्री रघु शर्मा और राजस्व मंत्री हरीश चौधरी को ऑल इंडिया कांग्रेस कमेटी ने क्रमश: गुजरात और पंजाब का प्रभारी बना दिया है। ऐसे में इस बात की भी अफवाह है कि इन दोनों को कैबिनेट से मुक्त किया जा सकता है। वरिष्ठ नेता ने आगे बताया कि कैबिनेट विस्तार के बाद लंबे समय से पेंडिंग राज्य स्तर पर होने वाली राजनीतिक नियुक्तियों की घोषणा की जाएगी। यहां करीब 50 बोर्ड और कमीशन हैं, जहां अध्यक्षों की नियुक्ति की जानी है।

अजय माकन बोले-तैयार है रूपरेखा
इससे पहले 16 अक्टूबर को कांग्रेस वर्किंग कमेटी की मीटिंग के बाद अशोक गहलोत ने वरिष्ठ कांग्रेस नेता प्रियंका गांधी, अजय माकन और केसी वेणुगोपाल राव से मुलाकात की थी। कैबिनेट विस्तार की चर्चाओं के बीच यह मुलाकात राहुल गांधी के आवास पर हुई थी। अजय माकन जो कि कांग्रेस प्रभारी हैं, पहले ही कह चुके हैं कि कैबिनेट और संगठन विस्तार की रूपरेखा तैयार हो चुकी है। उस वक्त अशोक गहलोत के स्वास्थ्य कारणों के चलते इसमें विलंब हो गया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *