दिवाली पर बड़ा तोहफा, पेट्रोल पर 5 रुपये और डीजल पर 10 रुपये प्रति लीटर सस्ता

   नई दिल्ली                         

पेट्रोल-डीजल की महंगाई की मार झेल रहे आम आदमी को दिवाली से पहले थोड़ी राहत मिली है. दिवाली की पूर्व संध्या पर भारत सरकार ने पेट्रोल और डीजल पर एक्साइज ड्यूटी घटाने का ऐलान किया है.

पेट्रोल और डीजल पर उत्पाद शुल्क कल से (गुरुवार) 5 रुपये और 10 रुपये कम हो जाएगा. डीजल पर एक्साइज ड्यूटी में कमी पेट्रोल की तुलना में दोगुनी होगी. बताया जा रहा है कि राज्यों ने उपभोक्ताओं को राहत देने के लिए पेट्रोल और डीजल पर वैट कम करने का आग्रह किया है.

 

हिमाचल के सीएम ने केंद्र पर फोड़ा था हार का ठीकरा

हाल ही में देश की तीन लोकसभा और 14 राज्यों की 30 विधानसभा सीटों पर हुए उपचुनाव के नतीजों पर भी महंगाई के असर की बातें कहीं जा रही हैं. इस उपचुनाव में हिमाचल प्रदेश में बीजेपी को तगड़ा झटका लगा था. उसके हाथ से मंडी लोकसभा फिसलकर कांग्रेस के पास चली गई है. साथ ही यहां उसे तीन विधानसभा सीटों पर हार का सामना करना पड़ा है.

हिमाचल प्रदेश उपचुनाव में करारी हार के बाद मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर ने भी हार का ठीकरा केंद्र सरकार पर ही फोड़ा था. जयराम ने कहा था कि बढ़ती महंगाई के चलते प्रदेश में बीजेपी को हार का सामना करना पड़ा है.

अब क्या हो जाएगा पेट्रोल-डीजल का भाव

बीते कुछ दिनों से पेट्रोल-डीजल के दामों में हुई बेतहाशा बढ़ोतरी से आम जनता की जेब पर भारी असर पड़ा है. हालांकि अब मोदी सरकार द्वारा एक्साइज ड्यूटी घटाने के बाद थोड़ी राहत मिल जाएगी. एक्साइज ड्यूटी में छूट के बाद दिल्ली में पेट्रोल की कीमत 105.04 रुपये, जबकि डीजल 88.42 रुपये हो सकती है. वहींं, मुंबई की बात करें तो वहां पेट्रोल 110.85 और डीजल 96.02 रुपये मिल सकता है.

अक्टूबर में 25 दिन दाम में हुई बढ़ोतरी

पेट्रोल की कीमत में लगातार सात दिन 35 पैसे प्रति लीटर की महंगाई के बाद  बुधवार को भाव में स्थिरता आई थी. वहीं, डीजल (Diesel) के भाव में लगातार दूसरे दिन कोई तब्दीली नहीं हुई. अक्टूबर में पेट्रोल के दामों में करीब 25 दिन बढ़ोतरी हुई थी. तेल के दामों में 24 सितंबर से ही बढ़ोतरी शुरू हो गई थी.

ऐसे जानें अपने शहर में पेट्रोल-डीजल के दाम

पेट्रोल-डीजल (Petrol-Diesel) के दाम प्रतिदिन अपडेट किए जाते हैं. ऐसे में आप सिर्फ एक SMS के जरिए रोज अपने शहर में पेट्रोल-डीजल की कीमत जान सकते हैं. इसके लिए इंडियन ऑयल (IOCL) के ग्राहकों को  RSP कोड लिखकर 9224992249 नंबर पर भेजना होगा.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *