बिहार: मनरेगा से 20 जिलों में बनेंगे 1427 चेक डैम, जानिए-क्या होगा फायदा और कितना होगा खर्च

आरा 
सूबे के 20 जिलों में मनरेगा से 1,427 चेक डैम बनाये जाएंगे। इसके लिए राज्य के मनरेगा आयुक्त सीपी खंडूजा ने सभी डीएम और डीडीसी को पत्र भेजा
है। एक चेक डैम बनाने पर लगभग एक करोड़ तक खर्च किए जाएंगे। इसमें एंटी फ्लड्स स्लूइस चैनल का भी निर्माण किया जाएगा। चेक डैम नौ मीटर से लेकर 15 मीटर की चौड़ाई तक बनाये जाएंगे। ये सभी चेक डैम सिंचाई निश्चय योजना के तहत चयनित किये गये हैं। हाल ही में हर खेत को पानी योजना के तहत पांच विभागों को मिलाकर इसका सर्वेक्षण कराया गया था। इसमें सिंचाई विभाग प्रमुख तौर पर शामिल था। हर जिले से चयनित चेक डैम की सूची अनुमानित प्राक्कलन के साथ विभाग को भेजी गई थी। उसी रिपोर्ट के आधार पर इन योजनाओं को ग्रामीण विकास विभाग, मनरेगा से कराये जाने का निर्देश जारी किया गया है। 

स्थलीय जांच शुरू

इसके पूर्व चिह्नित योजनाओं की पुन: टीम बनाकर स्थलीय जांच करा कर कार्य कराये जाने का निर्देश जारी किया गया है। सर्वाधिक चेक डैम गया व बांका में बनाये जाएंगे। सबसे कम एक चेकडैम बक्सर जिले में डुमरांव में बनेगा। विभाग से प्राप्त निर्देश के आलोक में 20 लाख से अधिक की प्राक्कलित राशि की योजनाओं का क्रियान्वयन मास्टर सर्कुलर एवं विभागीय आदेश के आलोक में किया जाएगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *