सब्जी उत्पादक किसानों के लिए डिजिटल अभियान, सब्जी समिति से जोड़कर बड़ा बाजार सुलभ कराने की मुहिम
पटना
राज्य में नये सब्जी उत्पादक किसानों को वेजफेड की समितियों से जोड़ने का अभियान शुरू हो गया है। अभियान ऑनलाइन चल रहा है। इसके लिए सहकारिता विभाग ने एप्लीकेशन तैयार कर लिया है। लगभग 20 हजार नये किसानों को जोड़ लिया गया है। जल्द थोक सब्जी विक्रेताओं को भी वेजफेड लाइसेंस देने लगेगा। इसके लिए भी विभाग ने एप्लीकेशन तैयार कर लिया है। कॉम्फेड से आगे निकलने की होड़ में वेजफेड रोज नई तकनीक का इस्तेमाल कर रहा है। हर किसान तक अपनी पहुंच बनाने के लिए सहकारिता विभाग की इस संस्था ने पहले किसानों का सर्वे कराया। अब सभी किसानों को सदस्य बनाने के लिए सदस्यता अभियान चलाने का फैसला किया है। अभियान शुरू भी हो गया है। अभियान की नई व्यवस्था लागू हो चुकी है।
पैक्सों की तर्ज पर ही सदस्यता की प्रक्रिया
पैक्सों की तर्ज पर ही सदस्यता की पूरी प्रक्रिया है। किसानों को आवेदन ऑनलाइन करना है। आवेदन में खेती की पूरी जानकारी और खेत का रकबा भी देना है। स्वघोषणा देना होगा कि वह अपनी खेत के मालिक हैं या बटाईदार हैं। आवेदन की प्रक्रिया पूरी होने पर वेजफेड के अधिकारी आवेदनों की स्थलीय जांच करेंगे। उसके बाद दी गई सभी जानकारी सही निकली तो उन्हें सदस्य बना लिया जाएगा। राज्य के सब्जी उत्पादकों को किसान क्रेडिट कार्ड देने की व्यवस्था की गई है। सब्जी उत्पादकों की पूंजी की समस्या दूर करने के लिए यह काम राज्य के सहकारी बैंक ने शुरू कर दिया है। इसके अलावा सभी प्रखंडों में अपनी मंडी बनाने का काम भी चल रहा है। लेकिन सभी का लाभ तभी मिलेगा जब उत्पादक संगठित होकर समितियों से जुड़ेंगे। इसीलिए सदस्यता अभियान शुरू किया जाएगा, ताकि सभी किसानों को सरकारी सहायता मिल सके।
