कमलनाथ पर निक्कर के बहाने तैयार हो रहीं हमले की स्क्रिप्ट
भोपाल
उपचुनाव की खुमारी चढ़ने के साथ अब भाजपा का वार रूम और भी अधिक एक्टिव होने लगा है। वार रूम में सक्रिय टीम अब कांग्रेस और पूर्व मुख्यमंत्री कमलनाथ पर निक्कर के बहाने अगले 15 दिनों में किए जाने वाले हमले की स्क्रिप्ट तैयार कर रही है। प्रदेश भाजपा अध्यक्ष वीडी शर्मा और मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान के बाद अब पार्टी के हर नेता निक्कर को लेकर पूर्व सीएम कमलनाथ द्वारा दिए गए बयान को लेकर उपचुनाव वाले मीडिया सेंटर और चुनावी सभाओं में कांग्रेस पर हमले करेंगे। निक्कर को बहाने भाजपा की घेराबंदी तब तेज हो गई जब पूर्व सीएम नाथ ने खंडवा की चुनावी सभा में भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष वीडी शर्मा पर निशाना साधते हुए कहा कि जब प्रदेश अध्यक्ष भाजपा निक्कर पहनते थे तब से वे सांसद हैं।
भाजपा के वार रूम में इन दिनों कांग्रेस नेताओं के 15 माह के कार्यकाल की कमजोर कड़ी के साथ पिछले डेढ़ साल में कांग्रेस की ट्विटर की राजनीति पर फोकस किया गया है। अब मतदान का समय नजदीक आने के साथ छोटे-छोटे ऐसे मुद्दों को हवा देने का काम पार्टी करेगी जिससे कांग्रेस की छवि जनता के बीच और खराब हो। इसके साथ ही भाजपा की केंद्र और राज्य सरकार द्वारा शुरू की गई योजनाओं को लुभावने रूप में जनता के बीच ले जाने के लिए भी स्लोगन और मुहावरे तैयार करने में टीम भाजपा जुटी है ताकि महंगाई और अन्य मुद्दों को लेकर कांग्रेस द्वारा की जाने वाली भाजपा की घेराबंदी को रोकने में कामयाबी हासिल हो सके।
