खाद-यूरिया की कालाबाजारी तोड़ने शुरू हुई छापा और रासुका कार्रवाई

भोपाल
प्रदेश में खाद और यूरिया की कालाबाजारी करने वालों के खिलाफ सरकार सख्त हो गई है। गृह मंत्री नरोत्तम मिश्रा ने ऐसा करने वाले लोगों पर रासुका लगाने के निर्देश प्रदेश पुलिस को दिए हैं। इधर सरकार के सख्त होते ही खाद की कालाबाजारी करने वालों पर छापे की कार्यवाही तेज हो गई है। इंदौर जिला प्रशासन और पुलिस ने भी उन लोगों के यहां पर छापे डालना शुरू कर दिए हैं जो कालाबाजारी में लिप्त हैं।
गृह मंत्री नरोत्तम मिश्रा ने खाद संकट और कालाबाजारी को लेकर कहा कि कालाबाजारी करने वालों पर रासुका लगाई जाएगी। वहीं उन्होंने कहा कि खाद का संकट नहीं है। उन्होंने विपक्ष के नेताओं द्वारा खाद संकट को लेकर प्रदेश सरकार पर लगाए जा रहे आरोपों पर कहा कि कमलनाथ को अपनी सरकार के समय का ध्यान रखना चाहिए। जब लक्ष्मण सिंह खाद की पर्ची काटते थे और उनके मंत्री रोड पर धरना देते थे।

किसानों को नकद में खाद दिला सकेंगे कलेक्टर
प्रदेश में रबी सीजन में बोनी शुरू होते ही सामने आए यूरिया और डीएपी के संकट के बाद राज्य सरकार ने किसानों को परेशानी से बचाने नकद में रासायनिक उर्वरक दिलाने के निर्देश दिए हैं। सहकारिता आयुक्त द्वारा कलेक्टरों को दिए निर्देश में कहा गया है कि कुछ जिलों में प्राथमिक साख सहकारी समितियों के माध्यम से किसानों को खाद मिलने में दिक्कत सामने आई है। इसे देखते हुए कलेक्टर द्वारा जिला स्तर पर रासायनिक खाद के नकद वितरण के अधिकार दिए जाते हैं। इस छूट के आधार पर सोसायटी द्वारा नकद खाद विक्रय के पूर्व समिति के नियमित सदस्यों को पूर्व प्रक्रिया के अनुसार रासायनिक खाद की आपूर्ति करने के लिए कहा गया है।

इंदौर में पुलिस और जिला प्रशासन का एक्शन  
इंदौर क्राईम ब्रांच एवं चंदननगर थाना पुलिस के साथ कृषि विकास विभाग की संयुक्त टीम ने  मेसर्स बुरहानी केमिकल्स फर्म पर छापा मारा। यहां पर अवैध रूप से उर्वरक यूरिया खाद से लिक्विड सोप बनाने का कार्य किया जा रहा था। किसानों को खेती के लिए दिया जाने वाला यूरिया खाद को अवैध रूप से अपनी फर्म में जमा कर व्यवसायिक उपयोग किया जा रहा था। जिसकी सूचना  पुलिस डीआईजी (शहर)  मनीष कपूरिया एवं इंदौर कलेक्टर मनीष सिंह को मिली। दोनों अफसरो ने टीम बनाई और बुरहानी केमिकल्स फर्म, नावदापंथ धार रोड पर छापा डाला।  बताया जाता है कि विगत कई समय से किसानों को कृषि उपयोग में दिया जाने वाला उर्वरक यूरिया का भंडारण कर लिक्विड सोप बनाने का किया जा रहा था। छापे में पाया गया कि मेसर्स बुरहानी केमिकल्स फर्म के प्रोपराइटर बुरहानुद्दीन  के यहां अवैध रूप से उर्वरक यूरिया का भंडारण पाया गया। उर्वरक यूरिया के नमूने जांच के लिए  गए हैं। पुलिस ने आरोपी  बुरहानुद्दीन पिता कलिमद्धिन के खिलाफ थाना चंदन नगर में प्रकरण दर्ज किया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *