शहर में दशहरे की तैयारियां शुरू, छोला, कोलार में सबसे ऊंचे पुतले का दहन
भोपाल
असत्य पर सत्य की विजय के पर्व दशहरा मनाने की राजधानी में तैयारियां शुरू हो गई हैं। करीब एक दर्जन स्थानों पर रावण, कुंभकरण और मेघनाद के पुतले दहन किए जाएंगे। कई कालोनियों में रावण के पुतले दहन होंगे। छोला, कलियासोत, टीटी नगर में 51-51 फीट के रावण के पुतलों का दहन किया जाएगा। इसके अलावा 30 से 40 फीट ऊंचे कुंभकरण व मेघनाद के पुतलों का दहन किया जाएगा।
कोलार इलाके में रावण के सबसे ऊंचे पुतले का दहन किया जाता था, लेकिन इस बार कोरोना के चलते सांकेतिक होगा। इसके अलावा टीटी नगर दशहरा मैदान, छोला दशहरा मैदान, बिट्टन मार्केट, कलियासोत डैम के पास समेत अन्य स्थानों पर करीब 51 फीट ऊंचा रावण दहन किया जाएगा। गोविंदपुरा विधानसभा क्षेत्र के वार्ड 56, एफ सेक्टर बरखेड़ा में दशहरा व रावण दहन की तैयारियां का विधायक कृष्णा गौर ने तैयारियों अवलोकन किया है। इस दौरान निगम के अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
शहर के सबसे ऊंचे करीब 105 फीट के रावण के पुतले का दहन कोलार के दशहरा मैदान में किया जाता था। हिंदू समिति के सचिव रवींद्र यति ने बताया कि इस बार कोरोना के चलते सांकेतिक रूप से सिर्फ रावण का 20 फीट ऊंचा पुतला दहन किया जाएगा।
कोरोना के चलते इस बार बिट्टन मार्केट में 11 फीट का रावण दहन किया जाएगा। आयोजन को लेकर समिति अध्यक्ष राजेश व्यास ने रविवार को पदाधिकारियों की घोषणा भी की।
टीटी नगर में 51 फीट का रावण दहन होगा। समिति के समन्वयक अजय श्रीवास्तव नीलू ने बताया कि पर्व पर आतिशबाजी का आयोजन किया गया है। आयोजन की तैयारियों को लेकर रविवार को बैठक हो चुकी है।
हिंदू उत्सव समिति द्वारा छोला दशहरा मैदान पर 51 फीट ऊंचा रावण व कुंभकर्ण, मेघनाद के पुतलों का दहन किया जाएगा। इसके पूर्व बांके बिहारी मंदिर से चल समारोह निकाला जाएगा।
जनश्री लोक कल्याण समिति की ओर से 51 फीट ऊंचा रावण, 41 फीट का मेघनाद और 31 फीट के कुंभकरण का पुतला दहन किया जाएगा। समिति के संरक्षण पूर्व मंत्री उमाशंकर गुप्ता ने सोमवार को यह जानकारी दी। दशहरा उत्सव की तैयारियां पूरी हो चुकी हैं।
