आशीष की पुलिस रिमांड पर सुनवाई आज, बढ़ेगी न्यायिक हिरासत या मिलेगी रिहाई ?

 लखीमपुर खीरी
लखीमपुर-खीरी के तिकुनिया कांड में आरोपी बनाए गए केंद्रीय मंत्री अजय मिश्र के पुत्र आशीष मिश्रा मोनू की पुलिस रिमांड पर अदालत सोमवार को सुनवाई करेगी। सुनवाई के बाद तय होगा कि आशीष मिश्रा की न्यायिक हिरासत को बढ़ाया जाएगा या रिहाई मिलेगी। वहीं मामले की जांच कर रही विशेष पुलिस जांच कमेटी ने एक बार फिर घटनास्थल का दौरा कर साक्ष्य जुटाए हैं। एहतियात के तौर पर खीरी जिले में रैपिड एक्शन फोर्स की तैनाती कर दी गई है।

आशीष मिश्रा मोनू की गिरफ्तारी के तुरंत बाद ही पुलिस ने तीन दिन की रिमांड मांगी थी। इस अर्जी पर सोमवार को सुनवाई होगी। उनके वकील ने रिमांड अर्जी को अदालत में चुनौती देने की तैयारी कर ली है। पुलिस जांच कमेटी ने रविवार को एक बार फिर घटनास्थल, दंगल स्थल का निरीक्षण किया। आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज एकत्र किए। रविवार की सुबह से ही रैपिड एक्शन फोर्स, पीएसी, एसएसबी की तैनाती जिले में अलग-अलग जगहों पर एहतियात के तौर पर कर दी गई। उधर, तिकुनिया में अंतिम अरदास को लेकर तैयारियां तेज हो गई हैं। इसमें उत्तर प्रदेश के अलावा पंजाब, हरियाणा, उत्तराखंड से भी किसानों के आने की सूचना है। कार्यक्रम में राकेश टिकैत और गुरनाम सिंह चढ़ूनी आदि बड़े किसान नेता भी उपस्थित रहेंगे। रविवार से कौड़ियाला घाट गुरुद्वारे में अखंड पाठ शुरू हो गया। 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *