एक्सप्रेस-वे पर 140 की स्पीड से दौडेंगे वाहन, संसद में जल्द लाएंगे बिल: गडकरी

 नई दिल्ली 
केंद्रीय सड़क और परिवहन मंत्री नितिन गडकरी ने शुक्रवार को कहा कि वह एक्सप्रेस-वे पर अधिकतम गति सीमा बढ़ाकर 140 किलोमीटर प्रति घंटा करने के पक्ष में हैं और इस संबंध में जल्द ही संसद में एक विधेयक पेश किया जाएगा। उन्होंने कहा कि विधेयक का मकसद अलग-अलग कैटिगरी की सड़कों पर वाहनों की गति सीमा में बदलाव करना है।

गडकरी ने कहा कि गति को लेकर ऐसी सोच है कि अगर कार की गति बढ़ गई, तो दुर्घटना हो जाएगी। उन्होंने 'इंडिया टुडे कॉन्क्लेव 2021' में कहा, ''मेरा निजी विचार है कि एक्सप्रेस-वे पर वाहनों की गति सीमा बढ़ाकर 140 किमी प्रति घंटा कर देना चाहिए।'' गडकरी ने कहा कि चार लेन वाले राष्ट्रीय राजमार्गों पर गति सीमा कम से कम 100 किमी प्रति घंटा होनी चाहिए, वहीं दो लेन की सड़कों और शहरी सड़कों के लिए गति सीमा क्रमश: 80 किमी प्रति घंटा और 75 किमी प्रति घंटा होनी चाहिए।

उन्होंने कहा कि भारत में वाहनों की गति सीमा का मानक तय करना एक बड़ी चुनौती है। मंत्री ने कहा, ''कार की गति को लेकर सुप्रीम कोर्ट और हाई कोर्ट के कुछ फैसले हैं, जिसके चलते हम कुछ नहीं कर पा रहे हैं।'' गडकरी ने कहा कि आज देश में ऐसे एक्सप्रेस-वे बन गए हैं कि उन सड़कों पर कुत्ता भी नहीं आ सकता, क्योंकि सड़क के दोनों ओर बैरिकेडिंग कर दी गई है।
 
पूर्वोत्तर और बंगाल में इनकम टैक्स का छापा, 250 करोड़ मिला कालाधन
उन्होंने कहा, ''विभिन्न श्रेणियों की सड़कों के लिए वाहनों की अधिकतम गति सीमा को संशोधित करने के लिए एक फाइल तैयार की गई है।'' मंत्री ने कहा, ''लोकतंत्र में हमें कानून बनाने का अधिकार है और न्यायाधीशों को कानून की व्याख्या करने का अधिकार है। भारतीय सड़कों पर वाहनों की गति सीमा को संशोधित करने के लिए जल्द ही एक विधेयक संसद में पेश किया जाएगा।''

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *