मंत्री सुश्री ठाकुर ने दी दाता बंदी छोड़ दिवस की लख-लख बधाइयाँ

भोपाल

संस्कृति, पर्यटन और आध्यात्म मंत्री सुश्री उषा ठाकुर ने 'आजादी का अमृत महोत्सव' के अवसर पर प्रदेशवासियों को 'दाता बंदी छोड़ दिवस' की लख-लख बधाइयाँ दी हैं। सुश्री ठाकुर ने कहा कि गुरु हरगोविंद साहिब जी ने मुगल बादशाह जहाँगीर की कैद से 52 हिन्दू राजाओं को मुक्त कराया था। आज उस स्थान पर गुरुद्वारा दाता बंदी छोड़ स्थित है। गुरुद्वारा की स्थापना के 400 वर्ष पूर्ण होने पर सुश्री ठाकुर ने गुरु हरगोविंद साहिब जी जैसे परोपकारी, धर्म-रक्षक, शूरवीर योद्धा, संत और सिपाही के चरणों में शत-शत नमन किया है।

गुरु हरगोविंद साहिब जी के जीवन चरित्र पर आधारित चित्र प्रदर्शनी

'आजादी का अमृत महोत्सव' के अवसर पर 'दाता बंदी छोड़ दिवस' घटना के 400 वर्ष पूर्ण होने पर पंजाबी साहित्य अकादमी द्वारा गुरु हरगोविंद साहिब जी के जीवन चरित्र पर आधारित पुस्तक का प्रकाशन और चित्र प्रदर्शनी का आयोजन किया जा रहा है। अकादमी के निदेशक नीरू सिंह ज्ञानी ने बताया कि गुरुद्वारा दाता बंदी छोड़, किला ग्वालियर में 4 से 6 अक्टूबर 2021 तक यह प्रदर्शनी आयोजित की जाएगी। पंजाबी समाज 'दाता बंदी छोड़ दिवस' की ऐतिहासिक घटना के शताब्दी पर्व को बहुत हर्षोल्लास से मना रहा है।

सिख धर्म के छठवें गुरु हरगोविंद साहिब जी ने मुगल बादशाह जहाँगीर द्वारा ग्वालियर किले पर बन्दी बनाए गए 52 हिन्दू राजाओं को कैद से छुड़ाया था। गुरु हरगोविन्द साहिब द्वारा 52 राजाओं की रिहाई ने मानवता के प्रति परोपकार का सबसे बड़ा संदेश दिया। इसी ऐतिहासिक घटना को 'दाता बंदी छोड़ दिवस' के रूप में मनाया जाता है।

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *