योजनाओं का लाभ पात्र व्यक्तियों को दिलाना सुनिश्चित करें

भोपाल

सहकारिता एवं लोक सेवा प्रंबधन मंत्री डॉ. अरविन्द सिंह भदौरिया ने कहा है कि पंचायत सचिव, पटवारी और ग्राम स्तर पर पदस्थ शासकीय अमला कल्याणकारी योजनाओं के क्रियान्वयन का आधार स्तंभ है। केन्द्र और राज्य सरकार की जन-कल्याणकारी योजनाओं का लाभ गाँव स्तर तक हर पात्र व्यक्ति को दिलाना सुनिश्चित करें। सहकारिता मंत्री डॉ. भदौरिया ने सोमवार 13 सितम्बर को निवाड़ी जिले के पृथ्वीपुर जनपद में आयोजित पंचायत सचिवों और पटवारियों की बैठक में यह विचार व्यक्त किये।

सहकारिता मंत्री डॉ. भदौरिया ने कहा कि 15 सितम्बर को डेंगू पर नियंत्रण और रोकथाम के लिए डेंगू प्रहार अभियान की शुरूआत होगी। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के जन्मदिन 17 सितम्बर को कोरोना टीकाकरण महाअभियान, और प्रत्येक ग्राम पंचायत में पौधारोपण कार्यक्रम संचालित होगा। डेंगू प्रहार अभियान, टीकाकरण महाअभियान और ग्राम पंचायत में पौधारोपण कार्यक्रम में पंचायत सचिवों और पटवारियों की भी महत्वपूर्ण भूमिका है। उन्होंने कहा कि आत्म-निर्भर भारत और आत्म-निर्भर मध्यप्रदेश की कल्पना को जमीन पर उतारने में केन्द्र और राज्य की योजनाओं के क्रियान्वयन में मैदानी क्षेत्र में खासकर ग्रामीण स्तर पर पदस्थ अमले की महत्वपूर्ण भूमिका है। पटवारी और सचिव पूरे समर्पण के साथ अपनी भूमिका का निर्वहन करें। उन्होंने कहा कि सी.एम हेल्प लाइन के प्रकारणों को तय समय-सीमा के भीतर निराकरण कर आवेदक को जानकारी दी जाये।

सहकारिता मंत्री डॉ. भदौरिया ने मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान के 14 सितम्बर के पृथ्वीपुर जनपद क्षेत्र में प्रवास की तैयारियों की समीक्षा की। बैठक में विधायक अनिल जैन, कलेक्टर नरेन्द्र सूर्यवंशी और पुलिस अधीक्षक टी.के. विद्यार्थी उपस्थित थे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *