ऐलान के वक्त बैठे थे सबसे पीछे, कौन हैं अचानक सीएम की रेस जीतने वाले भूपेंद्र पटेल

गांधीनगर के भाजपा मुख्यालय में विधायक दल के नेता के चुनाव के लिए बैठक चल रही है। तमाम बड़े-बड़े दिग्गजों के नाम रेस में शामिल बताए जा रहे हैं। कभी नितिन पटेल तो कभी मनसुख मंडाविया तो कभी सीआर पाटिल। लेकिन रविवार की शाम जब विधायक दल की बैठक खत्म होती है मीटिंग में सबसे पीछे बैठा एक शख्स मुस्कुराते हुए अपना मास्क हटाता है और विक्ट्री साइन बनाता है। जी हां, यह हैं गुजरात के नए मुख्यमंत्री भूपेंद्र पटेल।

अचानक बन गए करिश्मे का दूसरा नाम
माइनेता डॉट इंफो पर उपलब्ध जानकारी के मुताबिक 59 वर्षीय भूपेंद्र पटेल 12वीं पास हैं। उन्होंने सिविल इंजीनियरिंग में डिप्लोमा किया हुआ है। भूपेंद्र पटेल के नाम पर कोई भी क्रिमिनल केस नहीं है। हालांकि भूपेंद्र पटेल के राजनीतिक करियर की बात करें तो व्यक्तित्व से लेकर राजनीतिक उपलब्धि के नाम पर कुछ भी करिश्माई नहीं है। लेकिन अचानक वह खुद करिश्मा का दूसरा नाम बन चुके हैं। अगर उनके राजनीतिक सफर की बात करें तो इससे पहले अहमदाबाद म्यूनिसिपल कॉरपोरेशन की स्टैंडिंग कमेटी के चेयरमैन रह चुके हैं। इसके अलावा पटेल अहमदाबाद अरबन डेवलपमेंट अथॉरिटी के भी चेयरमैन रह चुके हैं। 

पहली बार में विधायक से सीएम बने
भूपेंद्र पटेल की अभी तक की सबसे बड़ी राजनीतिक उपलब्धि 2017 का विधानसभा चुनाव है। यहां पर उन्होंने घाटलोदिया विधानसभा सीट से चुनाव लड़ा था। उन्होंने कांग्रेस के शशिकांत पटेल को 1,17,000 वोटों के भारी अंतर से शिकस्त दी थी। उनसे पहले यह सीट गुजरात की पूर्व मुख्यमंत्री आनंदीबेन पटेल के पास हुआ करती थी। बताया जाता है कि आनंदीबेन पटेल का करीबी होना उनके लिए बहुत फायदेमंद रहा।

इतनी संपत्ति होने का किया था दावा
माई नेता डॉट इंफो पर उपलब्ध जानकारी के मुताबिक भूपेंद्र पटेल ने 2017 के विधानसभा चुनाव में अपनी संपत्ति का ब्यौरा दिया था। इसके मुताबिक उन्होंने तब अपनी कुल संपत्ति 69, 55,707 रुपए बताई थी। उनकी पत्नी का नाम रजनीकांत पटेल है। 2017 की एफिडेविड के मुताबिक भूपेंद्र पटेल के पास ह्यूंडई कार थी। वहीं उनकी पत्नी के नाम होंडा एक्टिवा कार थी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *