गाजियाबाद: एक ही परिवार के 5 लोग कोरोना संक्रमित, स्वास्थ्य विभाग में हड़कंप

गाजियाबाद
गाजियाबाद में कोरोना वायरस का संक्रमण एक बार फिर से पैर पसारता दिख रहा है। रविवार को यहां एक ही परिवार के 5 लोग कोरोना संक्रमित पाए जाने से हड़कंप मच गया है। एक घर में पांच लोग पॉजिटिव मिलने से स्वास्थ्य विभाग भी हरकत में आ गया है। इन सभी लोगों के संपर्क में आने वालों की कॉन्टैक्ट ट्रेसिंग की कोशिश जा रही है। जानकारी के अनुसार, जिले में शनिवार को केरल से लौटकर आए एक युवक में कोरोना की पुष्टि हुई थी। वहीं, रविवार को उसके परिवार के चार अन्य लोग भी संक्रमित पाए गए हैं। जिला सर्विलांस अधिकारी डॉ. आर.के. गुप्ता ने बताया कि राजनगर एक्सटेंशन में रहने वाला युवक तीन दिन पहले केरल से आया था। बुखार होने पर उसने कोरोना की जांच कराई, शनिवार को इसकी रिपोर्ट पॉजिटिव आई है। स्वास्थ्य विभाग द्वारा उसके परिवार के अन्य लोगों की भी जांच की गई, जिसमें सभी कोरोना संक्रमित मिले हैं। उन्होंने बताया कि पीड़ित युवक समेत पूरा परिवार होम आइसोलेशन में हैं। बता दें कि अभी पिछले सप्ताह केरल से लौट कर आई वसुंधरा में रहने वाली नर्स भी कोरोना संक्रमित पाई गई थी। वहीं, लद्दाख से आए एक परिवार के तीन लोग भी कोरोना की चपेट में आ गए थे। जिले में कोरोना के मरीज बाहर से आने वाले दिख रहे हैं। ऐसे में स्वास्थ्य विभाग ने निगरानी बढ़ा दी है। गाजियाबाद जिले में शनिवार को कोरोना का केवल एक मामला सामने आया था, जबकि एक मरीज स्वस्थ हुआ था। जिले में अब इन 5 नए मामलों के बाद एक्टिव मामलो की संख्या बढ़कर 7 हो गई है। 

यूपी में अब तक 17 लाख से अधिक लोग संक्रमित
उत्तर प्रदेश में शनिवार को कोविड-19 से किसी की मौत की सूचना नहीं थी, जिससे मृतकों की संख्या 22,874 पर बनी हुई है। वहीं, कोविड-19 के 14 नए मामले सामने आने से संक्रमितों की संख्या बढ़कर 17,09,526 हो गई है। आधिकारिक बयान के अनुसार, शनिवार को 19 मरीज स्वस्थ हुए हैं जिससे ठीक होने वालों की संख्या बढ़कर 16,86,468 हो गई है। बयान के मुताबिक, ठीक होने की दर 98.7 प्रतिशत है। आधिकारिक प्रवक्ता ने बताया था कि राज्य के कुल 75 जिलों में से 34 में कोई एक्टिव मरीज नहीं है और पिछले 24 घंटे के दौरान 65 जिलों में कोई नया मामला सामना नहीं आया है। 
 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *