बागबेड़ा बजरंग दल नगर अध्यक्ष को मारीं चार गोलियां
जमशेदपुर
बागबेड़ा थाना अंतर्गत ट्रैफिक कॉलोनी में गुरुवार सुबह हुई अंधाधुंध फायरिंग में बबलू कुमार सिंह (30) घायल हो गया। बबलू बजरंग दल बागबेड़ा मंडल नगर अध्यक्ष है। उसे पैर, पेट और पीठ में चार गोलियां लगी हैं। उनके सिर पर कटारी से वार किया गया। गंभीर अवस्था में उसे टीएमएच में भर्ती कराया गया है। इधर, इस घटना में एक आरोपी लेधा भी गोली लगने से घायल हुआ है। उसका एमजीएम अस्पताल में इलाज चल रहा है। घटना की सूचना मिलने पर एसपी सिटी सुभाष चंद्र जाट सहित अन्य पुलिस पदाधिकारी मौके पर पहुंचे। जहां फायरिंग हुई, उस जगह को सील कर पुलिस ने तफ्तीश शुरू कर दी है। मौके से जिंदा चार गोलियां और चार खोखे मिले हैं। लेधा ने कहा-पहले बबलू सिंह ने मारी गोली:हमले के एक आरोपी लेधा का कहना है कि उस पर बबलू सिंह ने गोली चलाई, जो उसके हाथ और पैर में लगी है। वह बर्मामाइंस के सारू के साथ जा रहा था कि बबलू ने उस पर फायरिंग कर दी, तब तक सारू ने बबलू के हाथ में झपट्टा मारा। इसी छीना झपटी में चली गोली में बबलू घायल हुआ है। लेधा के अनुसार गोली लगने के बाद वह किसी तरह बिष्टूपुर पहुंचा, जहां से वह परिजनों के साथ एमजीएम अस्पताल में आकर भर्ती हुआ। लेकिन, पुलिस यह मान रही है कि बबलू को गोली मारने के बाद खुद ही घायल होकर वह अस्पताल पहुंचा है।
गांजा कारोबार को लेकर विवाद:
पुलिस इस घटना को गांजा तस्करी के विवाद के नजरिए से देख रही है। सूत्रों का कहना है कि बबलू सिंह का भी गांजा का काम है और पहले वह रंजीत-संजीत से ही गांजा लेकर बेचता था। कुछ दिनों से रंजीत से उसने गांजा लेना बंद कर दिया था और दूसरे के संपर्क में आ गया था। इस पर रंजीत-संजीत द्वारा उसे धमकी दी जाती थी कि वह माल उसी से ले या फिर किसी से नहीं ले।
