ग्वालियर के मुरार इलाके में पति, पत्नी और किशोरी के शव मिले
ग्वालियर
ग्वालियर में ट्रिपल मर्डर का सनसनीखेज मामला प्रकाश मे आया है. शहर के व्यस्ततम इलाकों में से एक मुरार में अल्पना टॉकीज के पास एक ही कमरे में तीन शव पड़े मिले हैं. तीनों शव दो दिन पुराने हैं. पुलिस मौके पर पहुंच चुकी है और मामले की जांच जारी है. पुलिस का मानना है कि प्रारंभिक तौर पर ये हत्या का मामला नजर आ रहा है.
मुरार थाना क्षेत्र में अल्पना टॉकीज के रहनेवाले जगदीश पाल घर के नीचे ही दुकान चलाकर अपना जीवन—यापन करते थे. पुलिस को सोमवार को घर से ही उनका शव मिला. घर में जगदीश पाल के अलावा दो अन्य लोगों के शव भी पड़े मिले हैं। इनमें से एक शव उनकी पत्नी सरोज का है और दूसरा शव एक किशोरी का है. 13 साल की किशोरी कृति उनकी गोद ली हुई बेटी बताई जा रही है।
जानकारी के अनुसार 55 साल की पत्नी सरोज का शव बेड पर पड़ा हुआ था जबकि उसके नीचे बेटी कृति और पीछे पति जगदीश पाल के शव पड़े हुए थे. बेटी का शव बेड के बिल्कुल नीचे बिस्तर पर पाया गया जबकि जगदीश का शव कुछ दूरी पर जमीन पर पड़ा मिला है। पुलिस के अनुसार घर के ताले टूटे पड़े हुए मिले हैं।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची है। फोरेंसिक एक्सपर्ट अखिलेश भार्गव भी स्पॉट पर पहुंच चुके हैं। पुलिस मामले की गहराई से पड़ताल कर रही है। पुलिस अधिकारियों के अनुसार यह बात सामने आई है कि मृतक सीधा—सादा सा था, उसकी किसी से दुश्मनी नहीं थी। प्रारंभिक जांच के अनुसार मामला हत्या का लग रहा है।
