हाथरस: न्यायिक मजिस्ट्रेट को जान से मारने की कोशिश, गाड़ी पर ट्रक चढ़ाने का प्रयास

सादाबाद, हाथरस
हाथरस से सादाबाद लौटते वक्त बुधवार को हतीसा पुल के निकट ट्रक द्वारा न्यायिक मजिस्ट्रेट की गाड़ी को टक्कर मार दी गई। इसके बाद गाड़ी पर ट्रक चढ़ाकर जान लेने का प्रयास किया गया। कोतवाली चंदपा में अर्दली द्वारा मुकदमा दर्ज कराया गया है। पुलिस मामले की तहकीकात कर रही है। न्यायालय न्यायिक मजिस्ट्रेट अर्दली पवन कुमार द्वारा दर्ज कराई गई रिपोर्ट में बताया गया कि वह न्यायिक मजिस्ट्रेट सादाबाद को उनकी कार संख्या एचआर 50 जी 0335 से लेकर हाथरस से सादाबाद न्यायालय आ रहा था। कार में सहायक अभियोजन अधिकारी भी सवार थे। रास्ते में हतीसा पुल के निकट ट्रक संख्या आरजे 11 जीबी 4343 के ट्रक ड्राइवर ने न्यायिक मजिस्ट्रेट की गाड़ी को पीछे से टक्कर मार दी। अर्दली पवन कुमार ने ट्रक को रोकने का प्रयास भी किया, लेकिन ट्रक चालक वहां से वाहन के साथ भाग निकला। इसके बाद अर्दली ने ट्रक का पीछा किया तो कोटा कपूरा चौराहे के निकट ट्रक ड्राइवर ने जान से मारने की नीयत से ट्रक को कार पर चढ़ाने का प्रयास किया। उस समय न्यायिक मजिस्ट्रेट सादाबाद और सहायक अभियोजन अधिकारी इस हादसे में बाल-बाल बच गए।

इसके बाद ट्रक चालक नगला भुस के निकट गाड़ी को छोड़कर भागने लगा, लेकिन वहां मौजूद पुलिस ने उसे दबोच लिया। ट्रक में ड्राइवर के अलावा अन्य व्यक्ति भी सवार थे। घटना के बाद न्यायिक अधिकारी द्वारा प्रभारी निरीक्षक चंदपा कोतवाली से संपर्क करने का प्रयास किया लेकिन उनका नंबर नहीं लगा। बाद में अर्दली पवन कुमार की तहरीर पर आईपीसी की धारा 307, 427 के तहत ट्रक संख्या  आरजे 11 जीबी 4343 के अज्ञात चालक के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की गई है।
 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *