देखिए कैसे अमेरिकी सेना के हेलिकॉप्टर उड़ाने लगे हैं तालिबानी लड़ाके
काबुल
तालिबान ने अफगानिस्तान पर कब्जा कर लिया है। इसके साथ ही बड़ी संख्या में अमेरिकी अस्त्र-शस्त्र उनके हाथ लगे हैं। लेकिन तालिबान इनका इस्तेमाल कैसे करेगा यह एक बड़ा सवाल है। इस बीच तालिबान का एक वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। इसमें तालिबान लड़ाके अमेरिकी सेना के हमवी वाहन पर बैठे नजर आ रहे हैं। वहीं एक अन्य वीडियो में तालिबान अमेरिकी सेना का छोड़ा हुआ हेलीकॉप्टर उड़ाते नजर आ रहे हैं।
टि्वटर पर हो रहा है वायरल
बता दें कि हमवी एक हल्के भार वाला ट्रक है जिसे अमेरिकी सेना इस्तेमाल करती है। जियो न्यूज की खबर के मुताबिक यह वीडियो करीब 23 सेकंड का है और टि्वटर पर पोस्ट किया है। कुछ ही देर में इसे बड़ी संख्या में लोगों ने देखा है। वीडियो में दिख रहा है कि अमेरिकी सैन्य वाहन खुले मैदान में खड़ा है। वहीं एक तालिबानी लड़ाका इस वाहन में बैठकर अपनी फोटो ले रहा है। इसी वीडियो में दिख रहा है कि तालिबान के कुछ अन्य सदस्य इस वाहन का निरीक्षण करते नजर आ रहे है। टि्वटर पर पोस्ट वीडियो के कैप्शन में लिखा हुआ है कि शायद दुनिया में ऐसा कहीं नहीं हुआ होता।
हेलीकॉप्टर उड़ाते नजर आ रहे हैं आतंकी
इसी तरह टि्वटर पर एक अन्य वीडियो भी पोस्ट किया गया है। इस वीडियो में तालिबान लड़ाके हेलीकॉप्टर में बैठकर बगराम एयरबेस का निरीक्षण करते नजर आ रहे हैं। ट्वीट में लिखा है कि बगराम कभी सबसे बड़ा अमेरिकी एयरबेस था, जहां तालिबान के नेताओं को भी कैद किया गया था। इसी तरह पूर्व में भी एक वीडियो सोशल मीडिया पर खासा पसंद किया गया था। यह वीडियो अफगानिस्तान में तालिबान का शासन लागू होने से पहले का है। वीडियो में तालिबानी लड़ाके प्रेसीडेंशियल पैलेस में लगी अत्याधुनिक मशीनों पर एक्सरसाइज कर रहे हैं। साथ ही एम्यूजमेंट पार्क में सवारी कर रहे हैं और आइसक्रीम खा रहे हैं।
