मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने अंतर्राष्ट्रीय हॉकी खिलाड़ी विवेक सागर के साथ रोपा नीम और कदम का पौधा

भोपाल
मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने आज स्मार्ट पार्क में अंतरराष्ट्रीय हॉकी खिलाड़ी विवेक सागर के साथ नीम और कदम के पौधे लगाए। खेल एवं युवा कल्याण, तकनीकी शिक्षा, कौशल विकास एवं रोजगार मंत्री श्रीमती यशोधरा राजे सिंधिया भी उपस्थित थीं। उन्होंने भी पौधा लगाया।

मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने कहा कि प्रदेश सरकार हॉकी के विकास के लिए कोई कसर नहीं छोड़ेगी। हॉकी खिलाड़ियों के प्रोत्साहन के लिए हर संभव सहयोग करेगी। विवेक सागर मध्यप्रदेश के होशंगाबाद जिले के चांदोन पिपरिया ग्राम के निवासी हैं। इनका परिवार इटारसी में रहता है, अपनी मेहनत के बलबूते इन्होंने भारतीय हॉकी टीम की विजय में महत्वपूर्ण भूमिका अदा की। मुख्यमंत्री चौहान ने कहा कि टोक्यो ओलंपिक में भारत को कांस्य पदक मिला। यह सिर्फ पदक नहीं बल्कि हॉकी का पुनर्जागरण है। विवेक सागर की उम्र अभी सिर्फ 21 वर्ष है। निश्चित ही वे एक दिन गोल्ड मेडल भी जीतेंगे। उन्हें बहुत बधाई और शुभकामनाएँ।

मुख्यमंत्री चौहान ने खेल मंत्री श्रीमती यशोधरा राजे सिंधिया और उनकी टीम को भी इस उपलब्धि के लिए बधाई दी।

मुख्यमंत्री चौहान ने कहा कि खेल विभाग ने हॉकी सहित अन्य खेलों के विकास के लिए अद्भुत और अनुकरणीय कार्य किया है। खेलों के उत्थान का कार्य निरंतर चलता रहेगा। मुख्यमंत्री चौहान ने कहा कि महिला हॉकी खिलाड़ियों को भी प्रोत्साहित किया जाएगा। भारतीय महिला हॉकी टीम ने टोक्यो ओलंपिक 2020 में चौथा स्थान अर्जित किया है। यह भी कम सम्मान की बात नहीं। भारतीय महिला हॉकी टीम की प्रत्येक खिलाड़ी को 31-31 लाख की राशि सम्मान स्वरूप दी जाएगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *