अरपा-भैंसाझार प्रोजेक्ट में निर्धारित जमीन से अधिक दिया गया मुआवजा

रायपुर। मानसून सत्र के दौरान शुक्रवार को विधायक नारायण चंदेल के द्वारा पूछे गए सवाल के जवाब में राजस्व मंत्री जयसिंह अग्रवाल ने बताया कि अरपा – भैंसाझार प्रोजेक्ट में निर्धारित जमीन से अधिक जमीन का मुआवजा भू-स्वामियों को दिया गया है, इस संबंध में कलेक्टर बिलासपुर के द्वारा गठित 6 सदस्यीय टीम जांच कर रही हैं, अभी उनकी रिपोर्ट नहीं आई हैं।

चंदेल ने विधानसभा में सवाल किया कि अरपा-भैंसाझार प्रोजेक्ट में कितनी जमीन का अधिग्रहण किया गया और दूसरी जमीन की अदला-बदली करने की शिकायतें प्राप्त हुई हैं या नहीं तथा दोषी कौन है और के उनके विरुद्ध क्या कार्यवाही की गई। इसके जवाब में राजस्व मंत्री ने बताया कि अरपा-भैंसाझार प्रोजेक्ट में 2074.16 एकड़ भूमि का अधिग्रहण किया गया है। परियोजना के चकरभाठा वितरक नहर हेतु अधिग्रहण किए गए भूमि से संबधित 2 शिकायतें कार्यपालन अभियंता जल संसाधन विभाग कोटा एवं अनुविभागीय अधिकारी (रा.) कोटा को प्राप्त हुई है। इसके अतिरिक्त दैनिक समाचार पत्र में प्रकाशित खबर के आधार पर जांच हेतु जिला स्तर पर कलेक्टर बिलासपुर के द्वारा 6 सदस्यीय टीम गठित की गई है जहां जांच प्रक्रियाधीन है।

इस जवाब के बाद चंदन ने फिर पूछा कि प्रोजेक्ट में निर्धारित जमीन से अधिक जमीन का मुआवजा भूस्वामियों को दिया गया है? यदि हां तो क्यों, इस हेतु कौन जिम्मेदारी है? जवाब में जयसिंह अग्रवाल ने बताया कि अरपा-भैंसाझार प्रोजेक्ट में निर्धारित जमीन से अधिक जमीन का मुआवजा भू-स्वामियों को दिया गया है, इस संबंध में जिला स्तर पर कलेक्टर बिलासपुर के द्वारा 6 सदस्यीय टीम गठित की गई है जहां जांच की कार्यवाही प्रक्रियाधीन है। इस प्रोजेक्ट में 5877 भू-स्वामियों को 2,81,84,67,105 रुपये का मुआवजा दिया गया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *