याद्दाश्त गई तो पत्नी को ही भूल गया पति, GF बनाकर दोबारा रचाई शादी

अल्जाइमर एक ऐसी बीमारी है जिसमें व्यक्ति की याददाश्त बहुत कमजोर हो जाती है और उन्हें कुछ भी याद रहना मुश्किल हो जाता है. अमेरिका में अल्जाइमर से पीड़ित एक व्यक्ति अपनी पत्नी को ही भूल गया. पीटर नाम के इस व्यक्ति को साथ रहते-रहते अपनी पत्नी से दोबारा प्यार हुआ और दोनों ने फिर से शादी कर ली. 

तीन साल पहले पीटर को अल्जाइमर का पता चला था और इसके बाद से ही उनकी यादाश्त कमजोरी होती चली गई. अपनी बीमारी की वजह से 56 साल के पीटर भूले चुके थे कि वो शादीशुदा हैं. पीटर की पत्नी लिसा ने सीएनएन को बताया, 'वो भूल चुके थे कि हम कैसे मिले थे, हमारी लव स्टोरी कैसे शुरू हुई और यहां तक कि हमारी शादी भी हो चुकी है.'

लिसा ने कहा, 'मेरा दिल अक्सर टूट जाता है. एकसाथ हमारी कई यादें हैं लेकिन अफसोस कि अब पीटर को कुछ भी याद नहीं है. खासतौर से 20 साल पहले हमारी जिंदगी में क्या हुआ उसका एक हिस्सा भी वो याद नहीं कर पाते हैं.' लिसा और पीटर की लव स्टोरी काफी उतार-चढ़ाव भरी रही है. जहां लिसा हर एक याद को संजो कर रखना चाहती हैं वहीं उन्हें अफसोस है कि पीटर इसे पूरी तरह भूल चुके हैं.

पीटर और लिसा की शादी को 12 साल हो चुके हैं. दोनों एक-दूसरे के पड़ोसी थे और पहले से शादीशुदा थे. अपनी पहली शादी से लिसा और पीटर दोनों को बच्चे थे. धीरे-धीरे इनकी दोस्ती आगे बढ़ी लेकिन तभी दोनों के शहर बदल गए. लगभग एक साल बाद एक बार फिर दोनों की मुलाकात हुई तब पता चला कि लिसा और पीटर दोनों का ही अपने-अपने पार्टनर से तलाक हो चुका है. इसके बाद से दोनों के प्यार का सिलसिला शुरू हो गया.

8 साल तक लॉन्ग डिस्टेंस रिलेशनशिप में रहने के बाद दोनों ने शादी कर ली थी. लिसा ने कहा, 'मेरे पति बहुत विनम्र स्वभाव के हैं. वो मजाकिया होने के साथ-साथ रोमांटिक भी हैं. हमारे रिश्ते को लेकर वो हमेशा से गंभीर रहे हैं. वो मुझे बहुत प्यार करते हैं.'

लिसा कहती हैं कि धीरे-धीरे ये साफ दिखने लगा था कि मेरे पति में कुछ बदलाव आ रहा है. वो अक्सर अपनी चाबियां और पर्स भूल जाते थे. पहले मुझे लगता था कि ऐसा कभी-कभी हो सकता है लेकिन फिर वो शब्द भूल जाने लगे. एक समय ऐसा भी आया कि उन्हें एक वाक्य पूरा करने में भी बहुत मुश्किल होने लगी.

लिसा ने कहा, 'मैं अपने आप को समझाती थी कि शायद ये उम्र बढ़ने का असर है लेकिन मेरे दोस्तों और परिवार के सदस्यों को भी पीटर के व्यवहार में बदलाव साफ दिखने लगा. जो भी पीटर को देखता वो समझ जाता कि उनके साथ कुछ गलत है. आखिरकार हम डॉक्टर से मिले जिसके बाद 30 अप्रैल 2018 को पता चला की पीटर को अल्जाइमर है.'

लिसा ने कहा, 'मुझे नहीं पता था कि ये ऐसी बीमारी है जिसका असर हमारी जिंदगी पर इस तरह पड़ेगा. इस बीमारी ने मेरे पति को मुझसे छीन लिया. वो साथ रहकर भी मेरे साथ नहीं होते थे. जिंदगी भर साथ रहने वाली यादें अचानक पीटर के दिमाग से गायब हो चुकी थीं. हमारी शादी के खूबसूरत लम्हें तक वो भूल चुके थे.'

लिसा ने बताया कि पीटर ये भी भूल चुके थे कि मैं उनकी पत्नी हूं. लिसा ने कहा, 'इस बात का अहसास मुझे उस दिन हुआ जब हम दोनों एक ट्रिप से वापस घर आ रहे थे. कार में बैठे पीटर ने अचानक मुझसे कहा कि मेरे घर का रास्ता इधर से है. वो मुझे रास्तों के बारे में ऐसे बताने लगे जैसे कि मैं कहीं और रहती हूं और वो मुझे पहली बार अपने घर लेकर आ रहे हों.'

'हम जैसे ही घर पहुंचे, पीटर ने झट से उतर कर मेरे लिए कार का दरवाजा खोला. मुझे घर के अंदर ले जाते समय वो बहुत नर्वस थे. वो मुझे अपना पूरा घर दिखाने लगे. मुझे अहसास हो गया था कि पीटर मुझे अपनी गर्लफ्रेंड समझ रहे हैं. एक तरफ जहां मुझे ये चीजें अच्छी लग रही थीं, वहीं मैं उन्हें वास्तविक दुनिया में लाने की पूरी कोशिश कर रही थी. हालांकि पीटर को कुछ भी याद नहीं आया. उनके लिए सब कुछ नया था.'

लिसा ने बताया, '12 दिसंबर 2020 को एक अद्भुत चीज मेरे साथ हुई. हम दोनों साथ में बैठकर एक टीवी सीरीज देख रहे थे. इसमें शादी का एक सीन देखकर मैं रोने लगी. पीटर मेरे आंसू पोछकर हंसने लगे. इसके बाद उन्होंने मुस्कुराते हुए कहा कि चलो हम भी शादी कर लेते हैं.' 

लिसा ने कहा, 'पीटर को इस बात का बिल्कुल भी अहसास नहीं था कि वो अपनी पत्नी को ही शादी के लिए प्रपोज कर रहे हैं. उन्हें मुझसे दोबारा प्यार हो गया था. मैं खुद को किसी राजकुमारी की तरह महसूस कर रही थी. मैं खुद को दुनिया की सबसे भाग्यशाली महिला मान रही थी.' लिसा अपने पति के साथ एक और खूबसूरत याद बनाने के इस मौके को खोना नहीं चाहती थीं और वो तुंरत शादी के लिए तैयार हो गईं.

26 अप्रैल 2021 को हुई लिसा और पीटर की शादी में उनके बच्चे, दोस्त और परिवार के सभी सदस्य शामिल हुए. लिसा ने कहा, 'मुझे अब जिंदगी से कुछ भी उम्मीद नहीं है. इस बीमारी के बारे में पहले से कुछ भी नहीं कहा जा सकता है. शादी वाले दिन पीटर बहुत खुश थे. उन्होंने मुझसे आई लव यू कहा और मुझे जीवन में इससे ज्यादा और कुछ नहीं चाहिए.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *