दूसरी बारिश ने खोली PWD की पोल, तालाब में तब्दील हुई सड़कें

नई दिल्ली
राजधानी दिल्ली में मानसून की बारिश के दूसरे दिन सड़कों पर जलभराव और जाम लगा। जलभराव का पता लगाने के लिए जिन जगहों पर सेंसर, पंप व सीसीटीवी लगाए गए थे वहां भी परेशानी हुई। आजादुपर अंडरपास को तो पानी भरने से बंद करना पड़ा। यहां तीन पंप लगाकर पानी निकाला गया। वहीं, मिंटो ब्रिज पर भी पानी भरने से वाहन रुक-रुककर चलते दिखाई दिए।

बता दें कि लोक निर्माण विभाग ने दिल्ली में प्रमुख मार्गों पर 900 प्वॉइंट पर पंप लगाए हैं। मिंटो ब्रिज समेत पानी का स्तर बताने के लिए सेंसर भी लगे हुए हैं। बुधवार को हुई बारिश से दिनभर जगह-जगह जलभराव से परेशानी हुई। दिल्ली ट्रैफिक पुलिस के कर्मी जाम खुलवाने की मशक्कत करते नजर आए। सोशल मीडिया अकाउंट पर जलभराव व जाम की सूचना भी दी गई। दिन में काफी देर तक हुई तेज बारिश के बाद सड़कें तालाब में तब्दील हो गईं।

एंबुलेंस फंसी
कश्मीरी गेट से सराय काले खां जाते हुए दोपहर को दो एंबुलेंस जाम में फंसी दिखाई पड़ी। वहीं, उद्योग नगर से मुंडका जाते हुए नांगलोई मेट्रो के पास एंबुलेंस आधे घंटे जाम में फंसी रही। जीटी करनाल रोड पर आजादपुर अंडरपास बंद होने से आजादपुर से मुकरबा चौक जाने वाले लोगों को परेशानी हुई। 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *