विकासकार्यों से दिखेगी आरंग की नई तस्वीर

आरंग। नगरीय प्रशासन एवं विकास तथा श्रम मंत्री तथा आरंग विधानसभा क्षेत्र के विधायक डॉ शिवकुमार डहरिया ने आरंग विकासखंड के ग्राम पंचायत रानीसागर और नगरपंचायत समोदा, ग्राम सकरी, अमसेना,भैंसा, घोरभट्टी और खोरसी में लगभग 7 करोड़ रुपए से अधिक के विकासकार्यों का भूमिपूजन कोविड 19 के नियमों का पालन करते हुए किया। एक ही दिन में  नगर पंचायत समोदा सहित ग्रामीण क्षेत्रों में करोड़ों के विकास कार्यों का भूमिपूजन कर उन्होंने  लोगों को संबोधित करते हुए कहा कि छत्तीसगढ़ में विकास कार्यों का सिलसिला लगातार चल रहा है। आरंग विधानसभा क्षेत्र में विगत ढाई साल में अरबों रुपए के विकास कार्यों की स्वीकृति मिली है और कुछ कार्य पूर्ण और बहुत से कार्य कुछ माह के भीतर पूर्ण होने वाले हैं।
कार्यों की स्वीकृति के साथ यह सुनिश्चित है कि आने वाले दिनों में आरंग क्षेत्र के सभी गाँव की तस्वीर बदल जाएगी। मंत्री डॉ डहरिया ने कहा कि लोगों को पक्की और चौड़ी सड़क, गलियों में  सीसी रोड, गाँव में सामुदायिक भवन, शासकीय भवन से मुख्य मार्ग तक सड़क, स्कूल और आंगनबाड़ी भवन, सामुदायिक शौचालय, रंगमंच, पीने का शुद्ध पानी, स्वच्छ और पचरी युक्त तालाब और  उपस्वास्थ्य केंद्र भवन सहित पानी निकासी के लिए नालियां आदि सुविधाएं मिलने लगी है। विकास कार्यों का यह सिलसिला आगे भी जारी रहेगा और आरंग की नई तस्वीर कुछ दिनों में आप सभी को दिखाई देने लगेगी।

मंत्री डॉ डहरिया ने आगे कहा कि छत्तीसगढ़ की सरकार किसान हितैषी गाँव, गरीब और मजदूरों की सरकार है। मुख्यमंत्री श्री भूपेश बघेल के नेतृत्व में किसानों को उनकी मेहनत का पूरा लाभ दिया जा रहा है। राजीव गाँधी किसान न्याय योजना के माध्यम से प्रदेश के किसानों को लाभान्वित किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि नरवा, गरवा, घुरवा और बाड़ी के माध्यम से प्रदेश में आत्मनिर्भर की नई संभावनाएं विकसित की गई। गौठानों के माध्यम से महिलाओं को आत्मनिर्भर बनाया जा रहा है। गौ पालकों से गोबर खरीदने के साथ गौ संरक्षण और पशुपालन को बढ़ावा दिया जा रहा है। उन्होंने कहा कि प्रदेश के किसान, महिलाएं, मजदूर लाभान्वित होंगे अर्थव्यवस्था भी मजबूत होगी और हमारा प्रदेश खुशहाल और समृद्ध बनेगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *