एनएच पर अतिक्रमण और अव्यवस्थित पार्किंग करने वालो पर प्रशासन सख्त की गई कार्यवाही

कोण्डागांव। प्रतिदिन राष्ट्रीय राजमार्ग पर वाहनों की अव्यवस्थित पार्किंग एवं एन एच के दोनों ओर बनी नालियों के ऊपर दुकानों के लगाए जाने से लगातार दुर्घटनाओं की आशंका बनी रहती है। एनएच पर बनी दुकानों में आने वाले ग्राहकों द्वारा मार्ग पर गाड़ी पार्क किये जाने से राष्ट्रीय राजमार्ग पर आने जाने के लिए सड़क सकरी हो जाती है। जिसे देखते हुए कलेक्टर पुष्पेंद्र कुमार मीणा ने आदेश जारी कर राष्ट्रीय राजमार्ग के दोनों ओर अव्यवस्थित खड़े वाहनों एवं नालियों पर लगने वाली स्थाई एवं अस्थाई दुकानों पर कार्यवाही करने के निर्देश दिए हैं। जिसका पालन करते हुए शनिवार को एसडीएम गौतम चंद पाटिल के नेतृत्व में पुलिस विभाग, राजस्व विभाग, यातायात पुलिस एवं नगरपालिका के संयुक्त दल ने नालियों पर से अतिक्रमण हटाने के लिए नगर का दौरा किया। जिसमें एनएच पर स्थित एक ट्रैक्टर शोरूम के द्वारा कृषि कार्य में लगाए जाने वाले 02 नागरों को नालियों पर रखा गया था। जिसे नगर पालिका के दल द्वारा जप्त कर लिया गया। इसके साथ ही आसपास के व्यवसायियों को नालियों पर दुकान ना लगाने की समझाइश दी गई साथ ही शासकीय भूमि पर बोर्ड एवं बनाए गए अस्थाई निमार्णों को भी हटाया गया।

इसके अतिरिक्त यातायात पुलिस बल द्वारा सड़कों पर नो पार्किंग जोन में पार्क किए गए तीन वाहनों पर 600 रुपयों का जुमार्ना भी लगाया। इस संबंध में एसडीएम ने बताया कि कोण्डागांव नगर में नालियों पर अतिक्रमण एवं सड़कों पर अव्यवस्थित रखे वाहनों के विरुद्ध लगातार अभियान चलाया जा रहा है शनिवार को किए गए अभियान में कई स्थानों पर अस्थाई निर्माण को हटाने की समझाइए भी व्यवसायियों को दी गई है। यह कार्यवाही लगातार जारी रहेंगी। इसके साथ ही नगरीय सीमा के भीतर शासकीय भूमि पर किए जा रहे अतिक्रमणों के विरुद्ध संभाग आयुक्त के निदेर्शानुसार अभियान चलाया जा रहा है। जिसमें सभी नगरीय क्षेत्र की सभी अतिक्रमित भूमियों को अतिक्रमण से मुक्त कराया जाएगा। इस कार्यवाही में नायब तहसीलदार सुशील भोई, यातायात पुलिस प्रभारी रवि पांडे नगर पालिका की ओर से अभियंता संजय मारकंडे एवं संतोष साहू सहित हाईवे पेट्रोलिंग पार्टी एवं अन्य अधिकारी कर्मचारी शामिल रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *