आगरा: ‘बाबा’ बच्चों से मंगवाता था भीख, इनकार पर दी जाती थीं यातनाएं

मुजफ्फरनगर

भिखारी गैंग बच्चों से जबरन ट्रेनों में भीख मंगवा रहा है। भिखारी गैंग का सरगना एक बाबा है, जो आगरा में रहता है और उसके पास दर्जनों ऐसे मजबूर बच्चे हैं, जिनसे भीख मंगवाता है। बाबा के इस भिखारी गैंग का खुलासा ट्रेन में भीख मांग रहे एक बच्चे ने किया। पुलिस ने अब बाबा की तलाश शुरू कर दी है।

 

ऐसे हुआ खुलासा

रविवार को मुजफ्फरनगर के गांव चांद समन्द निवासी मंगेश योग एक्सप्रेस (Yoga Express) से मेरठ से खतौली आ रहा था। इस दौरान मंगेश की नजर ट्रेन में भीख मांग रहे एक बच्चे पर पड़ी। मंगेश को बच्चे पर दया आई और उसने बच्चे को प्यार से अपने पास बुलाया और उससे बातचीत की, जिसमें बच्चे ने मंगेश को पूरी बात बता दी। मंगेश बच्चे को लेकर खतौली कोतवाली आ गया और पुलिस को सौंप दिया। पुलिस ने बच्चे से पूछताछ की तो उसने अपना नाम अरुण निवासी आगरा के गांव दुल्हेड़ा बताया। बच्चे ने पुलिस को बताया कि आगरा का रहने वाला एक बाबा उनसे ट्रेन में भीख मंगवाता था। बाबा उसके अलावा और भी बच्चों से भीख मंगवाता है। बाबा बच्चों से शाम को भीख के सभी पैसे ले लेता है।

 

भीख न मांगने पर दी जाती हैं यातनाएं

अरुण ने पुलिस पूछताछ में बताया कि बाबा के पास उस जैसे दर्जनों बच्चे हैं, जिनसे बाबा भीख मंगवाता है। यदि बच्चे भीख मांगने से मना करते हैं तो बाबा उन्हें यातनाएं देता है और उनके परिवार के लोगों की हत्या कराने की भी धमकी देता है, जिसके चलते उन्हें मजबूरी में भीख मांगनी पड़ती है।

 

क्या कहते हैं अधिकारी

खतौली कोतवाली के प्रभारी निरीक्षक यशपाल सिंह ने बताया कि बच्चे ने बाबा द्वारा भीख मंगवाने की बात कही है, जिसकी जांच की जा रही है। बाबा की तलाश कर उसके खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *