करोड़ों हड़पने वाला ठग रतन चंद्र द्विवेदी गिरफ्तार, 25 हजार का था इनाम 

 लखनऊ 
 मसैअर ग्रुप के नाम से कम्पनी खोल कर निवेशकों के करोड़ों रुपये हड़पने वाले सीएमडी और निदेशक को गोमतीनगर पुलिस ने गिरफ्तार किया है। आरोपियों के खिलाफ दस मुकदमे दर्ज हैं। करीब एक साल से फरार चल रहे ठगों की गिरफ्तारी के लिए 25-25 हजार का इनाम रखा गया था।

एसीपी गोमतीनगर श्वेता श्रीवास्तव के मुताबिक गोण्डा निवासी मंगल प्रसाद ने करीब आठ लाख रुपये मसैअर ग्रुप में निवेश किए थे।उनकी ही तरह करीब नौ और लोगों ने भी मुनाफे के लालच में रुपये लगाए थे। एसीपी के मुताबिक कम्पनी का सीएमडी देवरिया निवासी रतन चंद्र द्विवेदी है। उसके साथ गाजीपुर निवासी राकेश गुप्ता कम्पनी में निदेशक के तौर पर काम करता था। आरोपियों ने जमीन की खरीद-फरोख्त के साथ ही हर्बल उत्पाद में किए गए निवेश पर मुनाफे का लालच दिया था। ठगों ने करीब पांच करोड़ से अधिक की धोखाधड़ी की है।

एसीपी के मुताबिक 12 अप्रैल को कम्पनी के मार्केटिंग डायरेक्टर धर्मेंद्र प्रजापति को गिरफ्तार कर जेल भेजा गया था। रतन चंद्र द्विवेदी और राकेश गुप्ता फरार थे। जिनकी तलाश में कई बार छापेमारी की गई थी। गिरफ्तारी नहीं होने पर 25-25 हजार का इनाम भी घोषित हुआ था। एसीपी के मुताबिक सर्विलांस की मदद से शनिवार को सीएमडी रतन चंद्र और निदेशक राकेया गुप्ता को पकड़ा गया। ठगी में शामिल जैनुद्दीन अंसारी फरार है। आरोपियों ने पूछताछ में जैनुद्दीन अंसारी के ठिकानों के बारे में जानकारी दी है। जिसे पकड़ने के लिए प्रयास किया जा रहा है। 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *