भारतीय मूल की शिरीषा बंदला आज अंतरिक्ष के सफर पर उड़ान भरेंगी 

 नई दिल्ली 
 वर्जिन गैलेक्टिक के मालिक रिचर्ड ब्रेनसन रविवार को अंतरिक्ष के सफर के लिए रवाना होंगे। इस दौरान उनके साथ भारतीय मूल की शिरीषा बंदला भी अंतरिक्ष में उड़ान भरने के लिए तैयार है। 34 वर्षीय बंदला दूसरी भारतीय ऐसी महिला होंगी, जो अंतरिक्ष के सफर पर जा रही हैं। इससे पहले कल्पना चावला ने अंतरिक्ष की यात्रा की थी।

आंध्र प्रदेश में जन्मीं बंदला वर्जिन गैलेक्टिक के 'वीएसएस यूनिटी' में सवार छह यात्रियों में से एक होंगी। वह वर्जिन गैलेक्टिक स्पेसशिप से न्यू मैक्सिको से रवाना होंगी। वर्जिन गैलेक्टिक पर बंदला के प्रोफाइल के मुताबिक,वह अंतरिक्ष यात्री संख्या 004 होंगी और उड़ान के दौरान उनकी भूमिका 'रिसर्चर एक्सपीरियंस की होगी।
 
शिरीषा ने ट्वीट किया, “मैं यूनिटी22 के अद्भुत दल और एक ऐसी कंपनी का भाग बनकर अतुलनीय रूप से सम्मानित महसूस कर रही हूं, जिसका मिशन अंतरिक्ष तक सभी की पहुंच करवाना है।” हालांकि, वर्तमान में वे अमेरिका में काम करती हैं लेकिन जन्म से पाँच वर्ष तक वे भारत में रही थीं। बाद में वे बेहतर अवसरों के लिए अपने परिवार के साथ अमेरिका चली गईं। द हिंदू की रिपोर्ट के अनुसार, उनके पिता मुरलीधर बंडला और दादा रगैया दोनों कृषि वैज्ञानिक हैं।
 
शिरीषा बंदला आंध्र प्रदेश के गुंटूर में पैदा हुई थीं। वे वर्तमान में एक प्रमुख अमेरिकी निजी अंतरिक्ष एजेंसी वर्जिन गेलेक्टिक के लिए काम करती हैं। कंपनी की योजना अगले सप्ताह के अंत में अपना अंतरिक्ष यान लॉन्च करने की है। पर्ड्यू विश्वविद्यालय से वैमानिकी अभियांत्रिकी में स्नातक करने वाली शिरीषा अंतरिक्ष में जाने वाले छह सदस्यीय दल का हिस्सा हैं। इसमें अंग्रेज़ी व्यवसायी सर रिचर्ड ब्रैनसन भी शामिल हैं, जो इस अभियान में अंतरिक्ष के लिए उड़ान भरेंगे। गौरतलब है कि दुनिया के तीन नामी उद्यमी रिचर्ड ब्रेनसन, जेफ बेजोस व एलन मस्क में इन दिनों अंतरिक्ष पर्यटन शुरू करने की होड़ मची है। ब्रेनसन की रवानगी के बाद 20 जुलाई को अमेजन के संस्थापक बेजोस उड़ान भरेंगे। वहीं मस्क आम लोगों को भी सितंबर में अंतरिक्ष की यात्रा पर भेजने वाले हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *