दिल्ली में घर में बंधक बनाकर तीन बच्चियों से दुष्कर्म 

नई दिल्ली 
रोहिणी इलाके में तीन बच्चियों को घर में बंधक बनाकर दुष्कर्म करने का मामला सामने आया है। बुध विहार पुलिस ने दुष्कर्म, पोक्सो सहित अन्य धाराओं में केस दर्ज कर आरोपी को बुधवार को गिरफ्तार कर लिया है। जानकारी के अनुसार, रोहिणी सेक्टर 24 में मंगलवार को दिन में 12 साल की तीन बच्चियां घर के पास पार्क में खेल रही थीं। तभी इलाके में रहने वाला 40 साल का रामबीर वहां घूमता हुआ आया। आरोपी ने बच्चियों को चाकलेट खाने के लिए दिया। बच्चियां उसे पहले से जानती थीं, इसलिए चॉकलेट ले लीं। इसके बाद आरोपी तीनों को बहला-फुसलाकर अपने घर ले गया। 

रोने पर परिजनों को हुआ शक
पुलिस के अनुसार, आरोपी ने बच्चियों के साथ दुष्कर्म किया और घटना के बारे में किसी को बताने पर जान से मारने की धमकी दी। सभी बच्चियां आरोपी के कमरे से निकलकर अपने घर के लिए जाने लगीं। उधर, बच्चियों के घर लौटने में देर होने पर परिवार के लोग उन्हें ढूंढ़ रहे थे। रास्ते में अपने परिजनों को देखकर बच्चियां रोने लगीं। शक होने पर परिजनों ने उन्हें कारण पूछा तो उन्होंने सारी घटना की जानकारी दी।
 
बच्चियों से वारदात के बारे में जानने के बाद परिजनों ने पुलिस को सूचना दी। इसके बाद बच्चियों की एनजीओ की मदद से काउंसलिंग कराई गई। पुलिस ने तीनों पीड़ित बच्चियों की मेडिकल जांच कराई और फिर उनके बयान के आधार पर एफआईआर दर्ज कर ली। एसआई विमला ने टीम जब आरोपी के पास पहुंची तो वह भागने की तैयारी कर रहा था। टीम ने आरोपी को दबोच लिया। 

अक्सर आती थीं शिकायतें 
स्थानीय लोगों के अनुसार, आरोपी रामबीर के बारे में अक्सर शिकायतें आती रहती थीं। उसे कई बार बच्चियों से बात करते हुए देखा गया था। फैक्टरी में काम करने के बाद आरोपी इलाके में घूमता रहता था। पुलिस आरोपी की आपराधिक पृष्ठभूमि की जांच कर रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *