मुख्यमंत्री चौहान द्वारा सिने अभिनेता दिलीप कुमार को श्रद्धांजलि अर्पित

भोपाल

मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने विख्यात सिने अभिनेता दिलीप कुमार के निधन पर शोक व्यक्त किया है। मुख्यमंत्री चौहान ने कहा कि दिलीप कुमार महान कलाकार और महान अभिनेता थे। अलग-अलग फिल्मों में उनकी भूमिकाएँ देखकर यह लगता ही नहीं था, कि कोई कलाकार काम कर रहा है, वे हर पात्र को जीते थे। भारतीय सिने जगत उनके बिना अधूरा है। मुख्यमंत्री चौहान ने स्वर्गीय दिलीप कुमार के संबंधों का उल्लेख करते हुए कहा कि फिल्म "नया दौर" की शूटिंग के समय वे बुधनी आए थे। उस समय मेरा जन्म भी नहीं हुआ था। मैं उन्हें श्रद्धा सुमन अर्पित करता हूँ।

मुख्यमंत्री चौहान ने दिलीप कुमार को श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए ट्वीट किया है कि उनकी 'अंदाज', 'नया दौर', 'मधुमती', 'मुगले आजम', 'विधाता', 'सौदागर', 'कर्मा' जैसी फिल्मों ने भारतीय सिनेमा को एक नया आयाम दिया। स्वर्गीय दिलीप कुमार अपने आप में अभिनय की एक सम्पूर्ण संस्था थे, जिनसे आज के कलाकार अभिनय की बारीकयाँ सीख रहे हैं। सिनेमा जगत में उनके योगदान को कभी भुलाया नहीं जा सकेगा। दिलीप कुमार के रूप में हम सबने आज एक महान अभिनेता को खो दिया। वे भारतीय सिनेमा में अपने असाधारण योगदान के लिए सदैव याद किये जायेंगे। मनोरंजन जगत के लिए यह अपूरणीय क्षति है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *