राजनीति में कुछ भी हो सकता है, तैयार रहें: तेजस्वी यादव
राजद नेता तेजस्वी यादव ने पटना में मीटिंग के दौरान पार्टी के विधायकों और वरिष्ठ कार्यकर्ताओं को तैयार रहने को कहा है. साथ ही कहा है कि राजनीति में कुछ भी हो सकता है. कुछ दिनों पहले राघोपुर दौरे के दौरान तेजस्वी यादव ने एनडीए सरकार के गिरने की बात कही थी.
राष्ट्रीय जनता दल के नेता और पूर्व उपमुख्यमंत्री तेजस्वी यादव ने पार्टी के विधायकों और कार्यकर्ताओं को तैयार रहने को कहा है. तेजस्वी यादव ने कहा कि राजनीति में कुछ भी हो सकता है इसलिए सतर्क रहें. बता दें कि राजद के 25 वें स्थापना दिवस की जोरशोर से तैयारी चल रही है. बताया जा रहा है कि राजद सुप्रीमों और बिहार के पूर्व मुख्यमंत्री लालू प्रसाद यादव पार्टी के स्थापना दिवस समारोह में शामिल हो सकते हैं.
तेजस्वी यादव ने राजद विधायकों और पार्टी के वरिष्ठ कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए कहा कि अगर 4 साल में 4 सरकारें बन सकती हैं तो राजनीति में कुछ भी हो सकता है. तेजस्वी ने कहा कि अपने काम के प्रति ईमानदार रहें, सतर्क रहें और समय-समय पर अपने क्षेत्र का निरीक्षण करते रहें. आने वाला समय आपका है. बता दें कि बीते शुक्रवार को राघोपुर दौरे के दौरान तेजस्वी यादव ने एनडीए सरकार के गिरने की बात कही थी. उनके इसी बयान को इसी से जोड़ कर देखा जा रहा है.
तेजस्वी यादव के इस बयान का मजाक उड़ाते हुए जेडीयू के प्रवक्ता निखिल मंडल ने ट्वीट कर कहा कि विधायक दल की मीटिंग बुलाई गई, नेता चुन लिया गया. साथ ही मंत्रालय भी बांट दिए गए. अब सिर्फ मुख्यमंत्री का शपथ लेना बाकी है. इसके साथ ही बीजेपी प्रवक्ता प्रेम रंजन ने पलटवार करते हुए कहा कि तेजस्वी यादव दिन में सपना देखना नहीं छोड़ रहे हैं. जो व्यक्ति खुद के विधानसभा क्षेत्र में नहीं जाता है वह मुख्यमंत्री बनने का सपना देख रहा है.
