बिहार में महंगाई से हाहाकार: पेट्रोल-डीजल से लेकर खाद्य सामग्रियों के बढ़े दाम, बस-ऑटो का भी बढ़ा किराया

मुजफ्फरपुर
लॉकडाउन के बाद अब डीजल-पेट्रोल की बढ़ी कीमतों ने आमलोगों की मुश्किलें बढ़ा दी हैं। छह माह में ट्रकों के भाड़े में 25 से तीस प्रतिशत बढ़ोतरी से खाद्य समेत अन्य सामग्रियों के दाम आसमान छूने लगे हैं। महंगाई के चलते दाल, प्याज, आलू व खाद्य तेल खरीदने में दिन में तारे नजर आ रहे हैं। 

बस, ऑटो व अन्य सवारी गाड़ियों का भाड़ा भी तेजी से बढ़ा है। समस्तीपुर, दरभंगा, हाजीपुर व सीतामढ़ी जाने में सौ के बदले डेढ़ सौ रुपये खर्च करना पड़ रहा है। जीरोमाइल से स्टेशन रोड का किराया दस के बदले बीस रुपये वसूल किया जा रहा है। लॉकडाउन की मंदी के बीच सामानों की कीमत व यात्रा भाड़ा बढ़ने से आमलोगों की जेब कट रही है। 

कमाई में कमी व खर्च में बढ़ोतरी ने आमलोगों को मुश्किल में डाल दिया है। बाइक-स्कूटी की टंकी तीन सौ के बदले पांच सौ रुपये के पेट्रोल में फुल हो रही है। डीजल व पेट्रोल की कीमत बढ़ने के साथ बाजार समिति, सूतापट्टी, गोला रोड आदि मंडियों के व्यवसायियों और बेला के उद्यमियों की चिंता बढ़ती जा रही है। 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *