प्रेमी ने घर घुसकर प्रेमिका की गोली मारकर की हत्या, फिर खुद को भी उड़ाया

 संभल 
 यूपी के संभल में प्रेमिका की शादी तय होने से नाराज प्रेमी ने पहले घर में घुसकर लड़की की हत्या कर दी फिर खुद को भी गोली मार ली। सूचना के मौके पर एएसपी समेत बड़ी संख्या में पुलिस पहुंच गई। पुलिस ने मामले की छानबीन शुरू कर दी है। नगर के गौशाला रोड स्थित मिलक मौलागढ़ में प्रेमिका को मौत के घाट उतार कर प्रेमी ने खुद को गोली से उड़ा कर जीवन लीला समाप्त कर ली। शुक्रवार को भोर के पांच बजे हुई वारदात से इलाके में सनसनी फैल गई। मामला ऑनर किलिंग का भी प्रतीत हो रहा है। कोतवाली पुलिस ने मौके पर पहुंच कर घटना की जानकारी ली और शवों को कब्जे में कर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। एसपी चक्रेश मिश्रा ने मौका मुआयना किया है। पुलिस ने प्रथमदृष्टया मामला आत्महत्या का मान कर सभी बिंदुओं पर छानबीन शुरू कर दी है। 

नगर से सटी ग्राम पंचायत मौलागढ़ के मझरा मिलक मौलागढ़ निवासी शिवम (25) पुत्र कुंवर पाल सैनी और ममता (24) पुत्री बनवारी सैनी के पास 50 मीटर दूरी पर ही सामने वाली गली में मकान है। बताया जाता है कि दोनों के बीच करीब आठ साल से प्रेम प्रसंग चल रहा था। चार माह पहले ही ममता का रिश्ता रामपुर के एक परिवार में तय हो गया था। लड़की की मां नारायणी के मुताबिक वह अपनी बेटी ममता के साथ छत पर सो रही थी। भोर के करीब 5 बजे पड़ोसी ओमकार पुत्र बदलू की छत से प्रेमी शिवम घर में घुस आया और उसी समय ममता पेशाब करके नीचे से छत पर आ रही थी, शिवम ने जीने में ही ममता की सीने में गोली मारकर मौत के घाट उतार दिया। परिवार के लोग जब भागे तो शिवम ने ओमकार की छत पर पहुंच कर खुद को भी गोली मार ली।  लड़के के परिजनों ने लड़की के भाई पर हत्या का आरोप लगाया है, पुलिस ने भाई को हिरासत में ले लिया है। लड़के का मोबाइल गायब है। एसपी चक्रेश मिश्रा ने बताया कि मामला आत्महत्या का प्रतीत हो रहा है, सभी बिंदुओं पर छानबीन की जाएगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *