गोंडी भाषा में वैक्सीन लगवाने की अपील कर रहे हैं कोरोना वॉलेंटियर्स

भोपाल
बैतूल जिले के ग्रामीण क्षेत्रों में 21 जून से आरम्भ हो रहे वैक्सीनेशन महा-अभियान में वैक्सीन लगवाने और वैक्सीनेशन केन्द्रों की जानकारी स्थानीय गोंडी भाषा में भी दी जा रही है।

विकासखण्ड आठनेर के ग्राम मूसाखेड़ी में कोरोना वॉलेंटियर द्वारा रैली निकालकर ग्रामीणों से गोंडी भाषा में अपील की जा रही है कि इस कोरोना महामारी से सुरक्षा के लिये सभी को कोरोना वैक्सीन लगाना बहुत आवश्यक है। इसके लिये शासन द्वारा 21 जून से वैक्सीनेशन महा-अभियान चलाया जा रहा है। जिन्होंने भी अब तक वैक्सीन नहीं लगवाई, इस महा-अभियान में भागीदार बनकर इस अभियान को सफल बनायें।

जन-अभियान परिषद की जिला समन्वयक श्रीमती प्रिया चौधरी ने बताया कि जिले के वैक्सीनेशन के लक्ष्य की पूर्ति के लिये कोरोना वॉलेंटियर द्वारा 19 जून से जारी घर-घर पीले चावल देकर निमंत्रण देने और अब वैक्सीनेशन सेंटर की भी जानकारी देने का अभियान 30 जून तक निरंतर जारी रहेगा तथा ग्रामीणों में वैक्सीन को लेकर जो भ्रम फैला है, उसे दूर करने के लिये कोरोना वॉलेंटियर निरंतर कार्य कर रहे हैं। इसी क्रम में जिले के सभी विकासखण्ड में कोरोना वॉलेंटियर द्वारा पीले चावल देकर वैक्सीन लगवाने का निमंत्रण दिया गया तथा उनसे अनुरोध किया गया कि वह इस महा-अभियान का लाभ उठाते हुए वैक्सीन अवश्य लगवायें, जिससे इस महामारी से वह स्वयं तथा अपने परिवार को सुरक्षित रख सकते हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *